
प्रतापगढ़ में बेखौफ चोरों का आतंक (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: रानीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कस्बे में चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए। दरियापुर पावर हाउस के पास स्थित दुकानों में घुसे चोर नकदी, मशीनें, सीसीटीवी का डीवीआर और जरूरी कागजात समेत हजारों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए। सुबह दुकानदारों ने जब अपनी दुकानों के ताले और शटर टूटे देखे तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने सबसे पहले दरियापुर पावर हाउस पर स्थित इरशाद सीमेंट एजेंसी को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि देर रात चोर पीछे के रास्ते से दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने गल्ले को खंगाला और उसमें रखी करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। चोर यहीं नहीं रुके। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
इसके बाद चोरों ने बगल में स्थित हाफिज जी फर्नीचर की दुकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने सेंध लगाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। दुकान में रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी के अलावा रांदा मशीन, कटर मशीन और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। एक ही रात में दूसरी दुकान में चोरी की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के व्यापारियों में भी चिंता बढ़ गई।
चोरों ने इसके बाद सद्दाम अंसारी की आटा चक्की को निशाना बनाया। यहां चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काफी देर तक सामान खंगाला। हालांकि, दुकान से उन्हें कुछ खास हाथ नहीं लगा। इसके बाद चोरों ने पीछे स्थित अधिवक्ता मो. जीशान के मकान में भी घुसने की कोशिश की। हालांकि, वे वहां से भी कोई सामान लेकर जाने में सफल नहीं हुए।
वारदात का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे। दुकानों के ताले और शटर टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुटने लगी। एक ही रात में आसपास की कई दुकानों को निशाना बनाए जाने की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही कस्बा चौकी इंचार्ज अंकित श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकानदारों से चोरी हुए सामान और नकदी के बारे में जानकारी जुटाई है। सीसीटीवी का डीवीआर चोरी होने की वजह से इरशाद सीमेंट एजेंसी के अंदर की गतिविधियों की फुटेज फिलहाल पुलिस को नहीं मिल पाई है।
Location : Pratapgarh
Published : 27 September 2026, 1:29 PM IST