Amethi News: तीन दिन से लापता थी महिला, नदी के लकड़ी के पुल में फंसा मिला शव; मौत की गुत्थी ने चौंकाया

अमेठी में तीन दिन से लापता 40 वर्षीय महिला का शव मालती नदी में लकड़ी के पुल में फंसा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर परिजनों से पहचान कराई। महिला की गुमशुदगी पहले ही दर्ज थी। परिजनों के मुताबिक महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 August 2026, 3:12 PM IST

Amethi: अमेठी में तीन दिन से घर से लापता महिला की तलाश में परिवार की उम्मीदें मंगलवार को उस वक्त टूट गईं, जब मालती नदी में लकड़ी के पुल में एक शव फंसा मिला। ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई तो शव तीन दिन से लापता संजू देवी का निकला। महिला के शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।

लकड़ी के पुल में फंसा मिला शव

मामला अमेठी के खौपुर गांव के पास मालती नदी का है। मंगलवार को कुछ ग्रामीण नदी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर लकड़ी के पुल में फंसे एक शव पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव की पहचान कराने के लिए महिला के परिजनों को मौके पर बुलाया गया।

अमेठी में नाबालिग से छेड़खानी मामले में बड़ा फैसला, पॉक्सो कोर्ट ने दोषी को सुनाई ये सजा

तीन दिन से लापता थी संजू देवी

मृतका की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के करनाईपुर गांव निवासी 40 वर्षीय संजू देवी पत्नी राजेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक संजू देवी करीब तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थीं। महिला के अचानक गायब होने के बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की थी। जब काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार को नदी में शव मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया।

चार बच्चों की मां थी महिला

संजू देवी चार बच्चों की मां थीं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजू देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। हालांकि वह किन परिस्थितियों में घर से निकलीं और बाद में मालती नदी तक कैसे पहुंचीं, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

अस्पताल से घर पहुंचने के बाद भी नवजातों की होगी निगरानी, अमेठी में शुरू हुआ नया मॉडल; सफल हुआ तो पूरे यूपी में होगा लागू

पहले ही दर्ज थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

संग्रामपुर थानाध्यक्ष संजय सिंह के मुताबिक संजू देवी की गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके देवर राजेश की तहरीर पर दर्ज की गई थी। महिला के लापता होने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही थी। अब महिला का शव नदी में मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक महिला की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और महिला के लापता होने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Amethi

Published :  25 August 2026, 3:12 PM IST