
14 आरोपी गिरफ्तार
Balrampur: बलरामपुर जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बहूभोज कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नाच-गाने और सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर चोटों से जूझ रहे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला तुलसीपुर थाना क्षेत्र के चमरबोझिया गांव का है, जहां 28 अप्रैल की रात शादी के बहूभोज कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मृतक के भाई मोहित ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि उसका भाई कमलेश गांव में आयोजित बहूभोज कार्यक्रम में खाना खाने गया था। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधान नन्हेलाल के भतीजे रवि की शादी से जुड़ा हुआ था। कार्यक्रम में नाच-गाने और सांस्कृतिक प्रस्तुति चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। शुरुआत में मामूली विवाद लग रहा था, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान कमलेश पर लोहे के पल्टे और लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमला इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान कमलेश ने दम तोड़ दिया।
रफ्तार और लापरवाही ने छीनी तीन युवाओं की जिंदगी, बलरामपुर में पसरा मातम
घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर तुलसीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 15 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 29 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए नन्हेलाल की आटा चक्की के पास से 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का टूटा पल्टा और लाठी-डंडा भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रवेश कुमार, धर्मेन्द्र बहादुर, अमरेन्द्र, सुरेन्द्र कुमार, रंजीत, राजेन्द्र, हरीराम, रामकिशोर पाठक उर्फ पप्पू, कौशल किशोर, नन्हेलाल, रामकिशुन, मुकेश, वीरेन्द्र और मुन्नालाल शामिल हैं।
इस मामले की जांच और गिरफ्तारी में पुलिस टीम ने तेजी दिखाई। पुलिस कार्रवाई में उप निरीक्षक सन्नीदेव कुमार, सुरेन्द्र प्रसाद, अरविन्द साहनी, घनश्याम प्रसाद समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Road Accident in UP: बलरामपुर में तीन मांओं की गोद सूनी, मचा कोहराम
घटना के बाद गांव में तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिवार में गहरा दुख है। शादी समारोह में शामिल हुए लोगों के लिए भी यह घटना सदमे से कम नहीं रही।
Location : Balrampur
Published : 29 April 2026, 4:02 PM IST