पटना में युवक की मौत के बाद बड़ा बवाल, भीड़ ने पुलिस वैन समेत एक दर्जन गाड़ियां और ट्रैफिक पोस्ट को फूंक डाला

बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को एक युवक की सड़क हादसे में मौत के बाद बड़ा बवाल देखने को मिला। गुस्साई भीड़ ने पुलिस वैन समेत एक दर्जन गाड़ियों और ट्रैफिक पोस्ट को फूंक डाला।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 7 August 2026, 8:20 PM IST

Patna: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार एक सड़क हादसे के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और बस समेत कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात ऐसे बने कि पुलिस को कई थानों की फोर्स बुलानी पड़ी।

काम पर जा रहे युवक की मौके पर मौत

घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय मनीष रोज की तरह सुबह अपने गांव से पटना काम के लिए निकला था। वह फ्लेक्स बनाने का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बताया जा रहा है कि सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।

गुस्साई भीड़ ने बस से शुरू किया विरोध

युवक की मौत से नाराज लोगों ने सबसे पहले हादसे में शामिल बस को आग लगा दी। कुछ ही देर में भीड़ और उग्र हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें भी आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद हालात लगातार बिगड़ते चले गए। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों, बसों और अन्य वाहनों को भी निशाना बनाया। देखते ही देखते करीब 10 वाहन आग की चपेट में आ गए।

ये भी पढ़ें- यूपी में सपा नेता ने गड्ढ़े में उतरकर नापी विकास की गहराई, आगरा में धंसी सड़क पर सियासी बवाल

ट्रैफिक पुलिस चौकी भी जलाई

प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लोगों ने जाम लगा दिया, जिससे करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में कई स्कूल बसें भी फंस गईं। यात्रियों और आम लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। कुछ पत्रकारों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की सूचना सामने आई।

9 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए प्रशासन ने 9 थानों की पुलिस मौके पर भेजी। अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में भीड़ को धीरे-धीरे हटाया गया और यातायात बहाल कराया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें- पक्की छतें भी बड़ा खतरा? महुली हादसे में मौतों के बाद उठा सवाल; क्या कागज़ी नियमों में उलझी सुरक्षा?

सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान

प्रशासन अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है। जिन लोगों ने आगजनी, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उनकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसे की अलग से जांच की जा रही है, जबकि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।

Location :  Patna

Published :  7 August 2026, 8:19 PM IST