Crime in UP: एक जिला, 315 गैंगस्टर, 49 गैंग और 401 बदमाश; यूपी के नए क्राइम नेटवर्क को जानकर उड़ेंगे आपके होश

गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड के बाद पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कस दिया है। “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत 49 गैंग के 401 बदमाश चिन्हित किए गए हैं और कई पर मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 9 June 2026, 2:14 PM IST

Ghazipur: गाजीपुर में 29 मई को बिंदु होटल गेट पर हुए विनीत राय हत्याकांड के बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इस वारदात के पीछे कथित तौर पर कटरा गैंग की संलिप्तता सामने आने के बाद जिले में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई हैं। पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत जिले और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय गैंग्स पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है।

ऑपरेशन वज्रपात के तहत 49 गैंग चिन्हित

पुलिस की इस विशेष कार्रवाई में जिले के कुल 49 गैंग और उनसे जुड़े 401 बदमाशों को चिन्हित किया गया है। इन गैंग्स की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कई मामलों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान संगठित अपराध की जड़ें खत्म करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

गाजीपुर एनकाउंटर पर डिंपल यादव ने उठाए सवाल, कहा- जब पुलिस पकड़ सकती थी तो एनकाउंटर क्यों?

कटरा, महाकाल और 315 गैंग पर सबसे ज्यादा फोकस

जांच में सामने आया है कि कटरा गैंग, महाकाल गैंग और 315 गैंगस्टर गैंग जैसे समूह जिले में सक्रिय हैं और युवाओं को लालच देकर अपने नेटवर्क से जोड़ते हैं। ये गैंग बाइक पर समूह बनाकर इलाके में दहशत फैलाने, लोगों को धमकाने और स्थानीय विवादों में दबंगई दिखाने के लिए बदनाम रहे हैं।

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ दिखावा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कई गैंग सदस्य सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड करते थे। फेसबुक लाइव और इंस्टाग्राम रील्स के जरिए ये लोग अपनी आपराधिक छवि को बढ़ावा देते थे, जिससे युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा था और अपराध की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल रहा था।

आरोपी कमलेश चौधरी के एनकाउंटर के बाद गाजीपुर में बवाल, पुलिस पर पथराव; CO का सिर फटा, कैसे बिगड़े हालात?

5 दिन का विशेष अभियान

पुलिस ने 5 दिनों का विशेष अभियान चलाकर अब तक 39 मुकदमे दर्ज किए हैं और 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कई गैंग सरगनाओं और सक्रिय सदस्यों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।

एसपी का बयान

एसपी डॉ. ई. राजा ने बताया कि जिले में सक्रिय सभी गैंग को चिन्हित कर लिया गया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि रंगदारी, धमकी और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Location :  Ghazipur

Published :  9 June 2026, 2:02 PM IST