जिस दोस्त के साथ बैंक से निकाले 2 लाख, वही निकला लूट का आरोपी! पुलिस ने ऐसे खोला राज

बरेली के भोजीपुरा में दो लाख रुपये की लूट का पुलिस ने अगले ही दिन खुलासा करने का दावा किया है। मनहेरा पुलिया के पास पुलिस मुठभेड़ में रामपुर निवासी एहसान अली गोली लगने से घायल हो गया, जबकि विनीत गंगवार और मोनिश अली को गिरफ्तार कर लिया गया।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 31 October 2026, 11:45 AM IST

Bareilly: बरेली में बैंक से दो लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर लूटने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि लूट की वारदात के समय पीड़ित के साथ मौजूद उसका दोस्त भी इस पूरी साजिश में शामिल निकला। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पूरे दो लाख रुपये, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

बैंक से लौट रहा था युवक

मामला बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम रतना चुन्नीलाल निवासी उवैश पुत्र खादिम अली शुक्रवार, 30 अक्टूबर को अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक गया था। दोनों ने बैंक से दो लाख रुपये निकाले और मोटरसाइकिल से अपने गांव की तरफ लौटने लगे। अभी वे अलीनगर से खड़ंजे वाले रास्ते पर एक ट्यूबवेल के पास पहुंचे ही थे कि मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उवैश को डराया और उसे मोटरसाइकिल से नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग छीनकर लाडपुर की तरफ फरार हो गए।

मनहेरा पुलिया पर पुलिस ने की घेराबंदी

दो लाख रुपये की लूट के बाद पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान शनिवार, 31 अक्टूबर को पुलिस को मनहेरा पुलिया के पास कुछ संदिग्धों के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

बरेली में शिकायत पर कार्रवाई न करना सिपाही को पड़ा भारी, एसएसपी ने किया निलंबित

रामपुर का एहसान निकला लूट का आरोपी

पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय एहसान अली पुत्र जाकिर अली के रूप में हुई है। वह रामपुर जिले के खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया खुर्द का रहने वाला है। पुलिस ने उसके साथ गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान विनीत गंगवार पुत्र महिपाल गंगवार के रूप में की है। वह बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सराय का निवासी है। तीसरे आरोपी की पहचान 19 वर्षीय मोनिश अली पुत्र छोटे शाह के रूप में हुई है।

दोस्त ही निकला साजिश में शामिल!

इस लूटकांड में मोनिश अली की गिरफ्तारी ने मामले को और अहम बना दिया है। दरअसल, शुक्रवार को जब उवैश बैंक से दो लाख रुपये निकालकर लौट रहा था, तब मोनिश भी उसके साथ मोटरसाइकिल पर मौजूद था। शुरुआत में यह मामला रास्ते में अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई लूट का लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में मोनिश का नाम भी सामने आया। पुलिस ने उसे लूट की वारदात में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

ट्रक चालकों को स्मैक बेचने की फिराक में थे दो युवक! बरेली के फरीदपुर में 142 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार

किसी के पास 50 हजार तो किसी के पास मिले लाखों

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो लाख रुपये की पूरी रकम बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी का ब्योरा भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल एहसान अली के पास से लूट की रकम के एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी मिला है। वहीं, दूसरे आरोपी विनीत गंगवार के पास से 50 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। तीसरे आरोपी मोनिश अली के कब्जे से भी 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन मिला है।

मुठभेड़ में सिपाही भी घायल

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस टीम का एक जवान भी घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू को गोली छूते हुए निकल गई, जिससे उन्हें चोट आई। मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी एहसान अली और आरक्षी अंकित कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोजीपुरा भेजा गया। दोनों का अस्पताल में उपचार कराया गया।

Location :  Bareilly

Published :  31 October 2026, 11:45 AM IST