4 दिन, 1 गुनाह और खौफनाक अंत, जानिए कैसे भाई का कातिल खुद पहुंचा मौत के मुहाने पर?

बरेली के शेरगढ़ में भाई की हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ। आरोपी पर पहले से 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 21 July 2026, 1:19 PM IST

Bareilly: बरेली शेरगढ़ थाना क्षेत्र में अपने सगे भाई की गोली मारकर हत्या करने वाले हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान सिपाही अंकुर भाटी भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

सगे भाई की गोली मारकर की थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को खजुआ जागीर गांव में आपसी विवाद के दौरान गुड्डू उर्फ तौफीक ने अपने छोटे भाई इसरार को 12 बोर के अवैध तमंचे से गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल इसरार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर शेरगढ़ थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता को भी जान से मारने की धमकी दी थी।

Bareilly: इंसानियत शर्मसार, गैस कनेक्शन के बहाने बुलाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, जानिए क्या है पूरा मामला

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

मंगलवार सुबह करीब तीन बजे शेरगढ़ पुलिस वांछित आरोपी की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से कस्बापुर पुल की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें सिपाही अंकुर भाटी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

Bareilly News: पति रचता था साजिश, वकील पत्नी देती थी कानूनी ढाल, जानिए कैसे लोगों को फंसाकर लाखों ऐंठता था बर्खास्त सिपाही

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पुष्टि की है कि इसी तमंचे से इसरार की हत्या की गई थी।

शेरगढ़ पुलिस के अनुसार, गुड्डू उर्फ तौफीक क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 33 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में मुठभेड़, पुलिस पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी नया मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Bareilly

Published :  21 July 2026, 1:17 PM IST