दोस्तों ने चिल्लाकर रोका, फिर भी उफनती नदी में कूदा युवक! बरेली में बाइक समेत नदी में समाया रवि; गोताखोरों की तलाश जारी

दोस्तों ने खतरे को देखते हुए रवि को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक लेकर नकटिया नदी में उतर गया। कुछ ही पलों में बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में समा गया। अब गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 3 October 2026, 9:16 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में नकटिया नदी पार करने की कोशिश के दौरान 22 वर्षीय युवक बाइक समेत गहरे पानी में डूब गया। उसके साथ मौजूद दोनों दोस्तों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक लेकर नदी में उतर गया। कुछ ही देर में बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में समा गया। घटना शनिवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पहाड़गंज गांव के पास हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू कर दी है।

तीन दोस्त निकले थे महानगर की ओर

जानकारी के मुताबिक, रिठौरा निवासी रवि मिश्रा (22) अपने दोस्तों पंकज शर्मा (27), निवासी सैटेलाइट, और मंतोष मिश्रा (27), निवासी सुरेश शर्मा नगर, के साथ पहाड़गंज की ओर से महानगर जा रहा था। रास्ते में नकटिया नदी पड़ी। नदी पार करने के लिए वहां खंभे लगाए गए हैं, लेकिन जलस्तर बढ़ने के कारण वे पानी में डूब चुके थे।

राशन लेकर निकला था फैसल, रास्ते में काल बनकर खड़ा था ट्रक: बरेली में बड़ा हादसा, चालक की मौत के बाद सुरक्षा पर उठे सवाल

बाइक लेकर नदी में उतरा

नदी में पानी का बहाव और गहराई देखकर मंतोष ने रवि को बाइक लेकर आगे बढ़ने से मना किया। इसके बावजूद रवि ने खंभों के सहारे बाइक से नदी पार करने की कोशिश की। वह कुछ दूर ही पहुंचा था कि अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाता, वह बाइक समेत गहरे पानी में गिर गया।

देखते ही देखते पानी में ओझल हुआ रवि

रवि को नदी में गिरते देख उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। रवि देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

खाद की किल्लत से पेपर लीक तक, बरेली में सपा युवजन सभा का कलेक्ट्रेट पर हल्लाबोल

पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

सूचना मिलने पर इज्जतनगर थाना पुलिस और अहलादपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों को नदी में उतारकर रवि की तलाश शुरू कराई गई। बचाव दल को भी बुलाया गया है। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम के अनुसार, रवि के साथ मौजूद दोनों युवक सुरक्षित हैं और नदी में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।

बढ़ते जलस्तर में नदी पार करना बना खतरा

नकटिया नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण नदी पार करने के लिए लगाए गए खंभे पानी में डूब गए थे। ऐसे में बाइक से नदी पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हुई। फिलहाल रवि का पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी है।

Location :  Bareilly

Published :  3 October 2026, 9:16 PM IST