
चाबी लगा ऑटो चुराकर भागा शातिर चोर (source: Dynamite News)
Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में वाहन चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी चाबी लगी सीएनजी ऑटो को मौका मिलते ही लेकर फरार हो गया था। पुलिस से बचने के लिए उसने ऑटो की नंबर प्लेट पर काली पन्नी चिपका दी और कई दिनों तक वाहन को छिपाकर रखा। हालांकि उतरौला पुलिस की चेकिंग के दौरान उसकी चालाकी पकड़ी गई और चोरी का ऑटो बरामद कर लिया गया।
वाहन चोरी की इस अनूठी वारदात की शुरुआत तब हुई जब मनकापुर का रहने वाला रहमान अहमद एक सीएनजी ऑटो में सवारी बनकर सवार हुआ। सफर के दौरान रास्ते में जैसे ही चालक गाड़ी की चाबी लगी छोड़कर कुछ दूरी पर गया, आरोपी को अपनी चाल चलने का मौका मिल गया।
चालक के हटते ही वह तुरंत स्टेयरिंग पर बैठा और ऑटो लेकर नौ दो ग्यारह हो गया। पकड़ा न जाए, इसके लिए वह कई दिनों तक वाहन को छिपाए रहा।
मामला थोड़ा ठंडा पड़ने पर उसने पुलिस को चकमा देने के लिए नंबर प्लेट पर काली पन्नी चिपका दी और गाड़ी को अपने इलाके की तरफ ले जाने लगा।
महुआधनी के रास्ते मनकापुर जाने की फिराक में निकले आरोपी को बभनी बुजुर्ग के पास चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने रोक लिया। नंबर प्लेट पर संदिग्ध पन्नी देखते ही जब पुलिस ने उसे हटाया, तो चोरी हुए ऑटो का असली नंबर सामने आ गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
Location : Balrampur
Published : 31 July 2026, 5:45 PM IST