शादियों में मेहमान बनकर आते थे और… जानिए कैसे बेनकाब हुआ बारात में चोरी करने वाला शातिर गिरोह

थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने बारात की भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹35,000 नगद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 July 2026, 4:05 PM IST

Balrampur: जनपद की थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय शातिर चोरों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई नकदी के साथ-साथ सोने और चांदी के बहुमूल्य आभूषण भारी मात्रा में बरामद किए गए हैं।

बारात की भीड़ का उठाया फायदा

​मामले का विस्तृत विवरण देते हुए पुलिस प्रशासन ने बताया कि बीती 12 और 13 मई की दरमियानी रात ग्राम केवलपुर मशहूक चूल्हाभारी निवासी धर्मराज तिवारी के मकान में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की थी। घटना की रात गांव में एक शादी समारोह की बारात आई हुई थी, जिसकी चहल-पहल और शोर-शराबे का फायदा उठाकर बेखौफ चोर मकान के पीछे दीवार के सहारे छत पर चढ़ गए। घर में दाखिल होकर चोरों ने बक्सों और अटैचियों के ताले तोड़ डाले तथा वहां रखी नकदी समेत सोने-चांदी के तमाम जेवरात पार कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।

Balrampur: अवध के अवधेश के स्वागत में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, जानिए भाजपा की इस बड़ी लामबंदी के सियासी मायने

तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मामले के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे। जिस पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सुरागकसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, जिससे गिरोह के मुख्य सदस्यों के नाम सामने आए।

​सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अली बाग के पास स्थित आम के बाग में घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राजू उर्फ मिठ्ठू उर्फ ननके, पप्पू शिल्पकार और रमन उर्फ राजू सोनी के रूप में हुई है।

नकदी और जेवरात हुए बरामद

​तलाशी के दौरान आरोपी राजू के पास से अठारह हजार रुपये नकद व एक मोबाइल, पप्पू शिल्पकार के पास से सत्रह हजार रुपये नकद तथा सुनार रमन सोनी के पास से चोरी किए गए चांदी के तीन जोड़ी पायल, तेईस जोड़ी बिछिया और सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चैन, मांगटीका व दो जोड़ी झुमकी बरामद हुई।

Balrampur: मोमोज खाकर लौट रहे युवक पर क्यों टूटा दबंगों का कहर, जानिए कैसे सरेआम कानून-व्यवस्था की उड़ी धज्जियां

पूछताछ में कबूला जुर्म

​कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना वाली रात बारात की भीड़भाड़ का फायदा उठाकर उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की नकदी आपस में बांटकर काफी हिस्सा खर्च कर दिया गया था, जबकि जेवरातों को गलाने और बेचने के मकसद से सुनार रमन सोनी को दिया गया था। घटना के समय सभी आरोपी बकाया रकम के लेन-देन और शेष माल के निपटारे के लिए बाग में इकट्ठा हुए थे।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

​पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी राजू के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ गंभीर मामले दर्ज हैं, वहीं पप्पू शिल्पकार पर भी आबकारी व आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाकर सभी अभियुक्तों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

Location :  Balrampur

Published :  24 July 2026, 4:05 PM IST