“एक टक्कर के बाद दूसरी बाइक भी आई चपेट में”, बलरामपुर में कार ने मचाया कहर; पति-पत्नी समेत तीन की मौत

बलरामपुर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने कुछ ही पलों में दो बाइकों को टक्कर मार दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 September 2026, 3:13 PM IST

Balrampur: उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अक्सी बढ़हरा गांव के पास ईंट-भट्ठे के सामने तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कार चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पहले एक बाइक से हुई टक्कर

पुलिस के अनुसार, कार बलरामपुर की तरफ से उतरौला की ओर जा रही थी। अक्सी बढ़हरा गांव के पास कार की टक्कर उतरौला की ओर से आ रहे पचौथा निवासी पांचूराम की बाइक से हो गई। हादसे में पांचूराम (61) और उनकी पत्नी बड़का (58) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर मुड़ गई। इसी दौरान सामने से दूसरी बाइक आ गई, जिस पर बासूपुर चायडीह निवासी प्यारे लाल अपनी बेटी कल्पना (27) के साथ सवार थे।

दूसरी बाइक भी कार की चपेट में आई

अनियंत्रित कार ने दूसरी बाइक को भी जोरदार टक्कर मार दी। लगातार दो बाइकों के हादसे का शिकार होने के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से हटाकर उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। हादसे में पांचूराम और उनकी पत्नी बड़का की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार कल्पना को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- हंसते-खेलते गए थे और लौटकर आई अर्थियां, झांसी में सुखनई नदी में डूबकर एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत

कार चालक समेत दो लोग घायल

हादसे में कल्पना के पिता प्यारे लाल (63) और कार चालक कामिल भी घायल हुए हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक कामिल बजाज चीनी मिल परिसर के निवासी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पांचूराम और उनकी पत्नी की मौत की खबर पचौथा गांव पहुंचते ही वहां मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं कल्पना की मौत से उसके परिवार में भी कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें- Ram Mandir Chadhawa Chori: 4 जून को मिली थी चोरी की खबर, 25 को FIR; चार्जशीट में चंपत राय का नाम गवाह के तौर पर

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।

Location :  Balrampur

Published :  29 September 2026, 3:13 PM IST