24 घंटे में खुला पूर्व प्रधान की हत्या का राज! बलिया पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, खून लगी ईंट और कपड़े बरामद

बलिया के सहतवार क्षेत्र में पूर्व प्रधान की हत्या के बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए बड़ा खुलासा किया है। 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या में इस्तेमाल सामान की बरामदगी से मामले की तस्वीर साफ हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 July 2026, 9:01 PM IST

Ballia: सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में पूर्व प्रधान व्यास वर्मा हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी ईंट और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

झोपड़ी में ईंट से वार कर की गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात उदहा गांव निवासी पूर्व प्रधान व्यास वर्मा (61 वर्ष) की गांव स्थित झोपड़ी में ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद सहतवार थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और स्वाट टीम को जांच में लगाया गया। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाई और आरोपियों तक पहुंच गई।

स्कूल गई… लेकिन घर नहीं लौटी! नाबालिग छात्रा के लापता होने से मचा हड़कंप, तीन नामजद पर केस दर्ज

पुरानी रंजिश और जमीन विवाद बना हत्या का कारण

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद मुख्य वजह थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम वर्मा अपने पिता और नाना के साथ मृतक व्यास वर्मा द्वारा पहले की गई मारपीट को लेकर नाराजगी रखता था। वहीं, दूसरे आरोपी गोपाल वर्मा का भी मृतक से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।

शराब पीने के बाद दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात दोनों आरोपियों ने शराब पीने के बाद योजनाबद्ध तरीके से व्यास वर्मा की हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने ईंट से हमला कर उनकी जान ले ली। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिवम वर्मा पुत्र स्वर्गीय राम उदार वर्मा निवासी ग्राम उदहा, थाना सहतवार, जनपद बलिया को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे आरोपी गोपाल वर्मा पुत्र हृदयानंद वर्मा निवासी ग्राम उदहा, थाना सहतवार, जनपद बलिया को त्रिकालपुर अतरडरिया तिराहा से पकड़ा गया।

मिट्टी में मिलने वाला है माफिया का 345 करोड़ का साम्राज्य; जानिए अतीक-अशरफ की संपत्ति पर प्रशासन के बड़े एक्शन का सच

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपी शिवम वर्मा की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी ईंट बरामद की गई। इसके अलावा घटना के समय पहने गए खून से सने टी-शर्ट, हाफ पैंट और बनियान भी पुलिस ने बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Location :  Ballia

Published :  24 July 2026, 8:48 PM IST