हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Bagpat: उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बड़ागांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक बच्ची समेत पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन संख्या UP-24 AT-1819 में कुल 32 लोग सवार थे। सभी राजस्थान स्थित गोगामेड़ी से दर्शन कर अपने गांव अलाहपुर, थाना उझानी, जनपद बदायूं लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ागांव के पास अचानक पिकअप अनियंत्रित हो गई।
वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और इसके बाद सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
हादसे में एक बच्ची समेत पांच श्रद्धालुओं की जान चली गई। वहीं 27 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी खेकड़ा और बागपत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया है। अस्पतालों में घायलों के उपचार के लिए चिकित्सकीय टीम सक्रिय रही।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में पिकअप के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व और क्रूड ऑयल के भूचाल ने हिलाया ग्लोबल मार्केट, क्या अब महंगा होगा सोना?
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा और क्षमता से अधिक सवारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Location : Bagpat
Published : 7 September 2026, 8:12 AM IST