
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Baghpat: जिले से नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी युवक की तलाश की जा रही थी। इसी बीच दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई 16 वर्षीय किशोरी ने करीब 10 दिन पहले एक बेटे को जन्म दिया। मामले में वांछित चल रहे आरोपी दानिश निवासी उमरपुर, मुजफ्फरनगर को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव की रहने वाली किशोरी अपने माता-पिता के साथ बागपत क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर रह रही थी। आरोप है कि मार्च महीने में दानिश उसे घुमाने के बहाने अपने साथ राजस्थान के भरतपुर लेकर चला गया। वहां आरोपी किशोरी को छोड़कर फरार हो गया।
भरतपुर में अकेली मिली किशोरी को राजस्थान पुलिस ने बरामद किया। इसके बाद उसे नारी निकेतन भेजा गया और उसके परिवार को सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग किशोरी को वापस अपने साथ घर ले आए।
जून महीने में परिवार को किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार की ओर से आरोपी दानिश के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह अपने घर पर नहीं मिला। इसी बीच करीब 10 दिन पहले किशोरी ने घर पर ही एक बेटे को जन्म दिया। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई।
खाकी से लोहा लेने चला था 20 मुकदमों का शातिर: पुलिस और बदमाश के बीच तड़तड़ाई गोलियां, मचा हड़कंप
मामले के विवेचनाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बताया गया कि किशोरी का प्रसव घर पर हुआ था। प्रसव के बाद निजी चिकित्सक से उसका उपचार कराया गया। फिलहाल किशोरी और नवजात की हालत ठीक बताई जा रही है। परिवार ने बच्चे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी खुद उठाने की बात कही है।
Location : Baghpat
Published : 5 August 2026, 11:50 AM IST
Topics : Baghpat News Baghpat Police UP Crime News