Budaun: मौत के बाद मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप, जानिए क्यों प्रताड़ित की जा रही थी विवाहिता?

बदायूं में पुत्र की चाहत को लेकर विवाहिता की हत्या का आरोप लगा है। मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वाले लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। घटना के बाद पति समेत परिवार के लोग फरार हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 4:53 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पुत्र की चाहत को लेकर एक विवाहिता की कथित हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले लंबे समय से उसे पुत्र न होने पर प्रताड़ित करते थे। घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

10 साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पड़ौआ गांव निवासी स्वर्गीय शेर सिंह की बेटी प्रवेश (30) की शादी करीब 10 वर्ष पहले उझानी थाना क्षेत्र के बरायमखेड़ा गांव निवासी विजय सिंह पुत्र लाखन सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद प्रवेश ने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद एक पुत्र हुआ, लेकिन जन्म के कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

Budaun News: हाईटेंशन टावर पर लटका मिला युवक का शव, बिजली लाइन कटवाकर उतारा; जांच में जुटी पुलिस

पुत्र की चाहत में प्रताड़ना का आरोप

मायके पक्ष का आरोप है कि बेटे की मौत के बाद ससुराल वाले प्रवेश पर दोबारा पुत्र पैदा करने का दबाव बनाने लगे। इसी बात को लेकर उसे आए दिन लाठी-डंडों से मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन भी पति ने उसके साथ मारपीट की।

बीमारी का बहाना बनाकर दी सूचना

परिजनों के मुताबिक, पति ने फोन कर केवल इतना बताया कि प्रवेश की तबीयत खराब है और उसे डॉक्टर को दिखाया जा रहा है। जब तक मायके वाले ससुराल पहुंचे, तब तक प्रवेश की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष घर छोड़कर फरार हो गया।

Budaun: कासगंज-बरेली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अचानक लगी आग, धुआं उठते ही कूद पड़ा चालक

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  9 August 2026, 4:53 PM IST