हिंदी
घटनास्थल की फोटो (Img: Dynamite News)
Budaun: रविवार की सुबह बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र से ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। घर से एक साथ निकले तीन लोगों में से दो की जिंदगी कुछ ही मिनटों में सड़क पर खत्म हो गई, जबकि एक 15 वर्षीय किशोरी जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में संघर्ष कर रही है। तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की आमने-सामने की टक्कर ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं।
हादसा बिसौली-आंवला मार्ग पर गांव बरीपुरा के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, 25 वर्षीय सत्यम अपनी 60 वर्षीय बुआ महेश्वरी देवी और 15 वर्षीय बहन पायल के साथ बाइक से किसी जरूरी काम से निकला था। रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिरे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
घटनास्थल का मंजर बेहद दर्दनाक था। सड़क पर खून से लथपथ पड़े लोगों को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। लेकिन तब तक सत्यम और उनकी बुआ महेश्वरी देवी दम तोड़ चुके थे।
वहीं गंभीर रूप से घायल पायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद बरीपुरा और जरगाव गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बिसौली-आंवला मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। उनका कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
Location : Budaun
Published : 19 July 2026, 1:10 PM IST