चेन लूटने वाली बताईं गलत नाम: जांच में निकलीं गोरखपुर की काजल, लाला, सुल्हरी और सुनीता, जानें कैसे उड़ाती थीं लोगों के होश

अमेठी में दिनदहाड़े चेन लूटने वाली चार महिला लुटेरियों को पुलिस ने छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने झूठा नाम-पता बताया, लेकिन AI आधारित Yaksha App की फेस रिकॉग्निशन तकनीक से उनकी असली पहचान सामने आ गई। पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 July 2026, 11:11 AM IST

Amethi: अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। रेलवे क्रॉसिंग के पास अयोध्या रोड पर एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुई चार अंतरजनपदीय महिला लुटेरियों को गिरफ्तार कर लिया गया। खास बात यह रही कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठा नाम और पता बताया, लेकिन AI आधारित Yaksha App ने उनकी पूरी सच्चाई सामने ला दी।

पीड़िता की सूचना के बाद पुलिस हुई सक्रिय

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के अनुसार, पीड़िता इंदु सिंह, निवासी पहाड़पुर (थाना कुमारगंज, अयोध्या), ने घटना के तुरंत बाद यूपी-112 पर सूचना दी। इसके बाद जगदीशपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

मुखबिर की सूचना पर चार महिला लुटेरियां गिरफ्तार

चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में लिया। उनकी पहचान काजल, लाला, सुल्हरी और सुनीता के रूप में हुई। सभी आरोपी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। तलाशी के दौरान आरोपी लाला के कब्जे से पीड़िता की छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई। पूछताछ में चारों महिलाओं ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई।

Parliament Monsoon Session: छात्रों के भविष्य पर आज संसद में होगा फैसला! जो बदल देगा पूरा सिस्टम

Yaksha App ने खोल दी झूठी पहचान की पोल

पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना नाम और पता गलत बताया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। लेकिन पुलिस ने AI आधारित Yaksha App के जरिए आरोपियों का फेस मैच कराया। फेस रिकॉग्निशन तकनीक से सुनीता की असली पहचान सामने आ गई। इसके बाद बड़हलगंज पुलिस को फोटो भेजकर बाकी महिलाओं का भी सत्यापन कराया गया, जिससे चारों की वास्तविक पहचान उजागर हो गई।

ब्रिटिश कैबिनेट में भारतवंशियों का डंका: कनिष्क नारायण बने AI मंत्री, सतवीर और हरप्रीत को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

तकनीक बनी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत

इस कार्रवाई ने दिखा दिया कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अपराधियों के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। अमेठी पुलिस ने महज छह घंटे में न सिर्फ लूट का खुलासा किया, बल्कि चोरी की गई चेन भी बरामद कर ली। अब पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य जिलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Location :  Amethi

Published :  27 July 2026, 11:09 AM IST