हिंदी
बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त (Source: Pinterest)
Ambedkar Nagar : उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में शुक्रवार तड़के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास दिल्ली से दरभंगा जा रही एसी बस ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने चल रहे ट्रेलर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर बस के बाएं हिस्से में हुई, जिससे इस तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसे की तस्वीरें दुर्घटना की गंभीरता को दिखाती हैं। बस का बायां हिस्सा टक्कर के कारण बुरी तरह टूट गया। वहीं बस का दूसरा हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित रहा। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से दूसरी तरफ बैठे कई यात्री सुरक्षित बच गए।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आबरू बचाने के लिए चलती बाइक से छलांग: सोहना में स्कूली छात्रा के साथ अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार
हादसे में चार यात्रियों की मौत हुई है। मृतकों में से एक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सचिन बिहार के रहने वाले थे। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
हादसे में घायल तीन यात्रियों की पहचान सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के दरभंगा के निवासी बताए जा रहे हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
एडिशनल एसपी ने हादसे में चार यात्रियों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।
Location : Ambedkar Nagar
Published : 2 October 2026, 9:44 AM IST