33.28 लाख की गिट्टी-मोरंग हड़पने का आरोप, दिल्ली के 3 आरोपी गिरफ्तार

बिल्डिंग मैटेरियल की आपूर्ति के नाम पर 33 लाख 28 हजार 315 रुपये की गिट्टी और मोरंग लेकर भुगतान नहीं करने के मामले में खजनी पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर की संयुक्त टीम ने दिल्ली के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Updated : 25 October 2026, 5:20 PM IST

गोरखपुर: बिल्डिंग मैटेरियल की आपूर्ति के नाम पर 33 लाख 28 हजार 315 रुपये की गिट्टी और मोरंग लेकर भुगतान नहीं करने के मामले में खजनी पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर की संयुक्त टीम ने दिल्ली के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी पहचान बताकर निर्माण सामग्री मंगाने और भुगतान के समय मोबाइल फोन बंद कर लेने का आरोप है। पुलिस ने इनके कब्जे से सात मोबाइल फोन समेत कई दस्तावेज, 50 हजार रुपये नकद और नंबर प्लेट छिपाने वाला इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 25 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक खजनी के नेतृत्व में की गई। उपनिरीक्षक आशीष यादव और एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर की संयुक्त टीम ने मुकदमा संख्या 151/2025 में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

खुशी से खिलखिलाने वाला घर पल भर में सूना हो गया! 19 साल के युवा बेटे की मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी योगेश डांगर पुत्र रविन्द्र डांगर, हिमांशु पुत्र प्रवीण कुमार और विकास पुत्र रमेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विजय गोयल बनकर दिया झांसा

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वादी को फोन कर खुद को लखनऊ की जेबी ट्रेडिंग कंपनी का मालिक विजय गोयल बताया था। उन्होंने गोरखपुर, कुशीनगर और जौनपुर में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए बिल्डिंग मैटेरियल की जरूरत बताई। उनकी बातों पर भरोसा करके वादी ने बताए गए स्थानों पर गिट्टी और मोरंग की आपूर्ति कर दी। जब भुगतान मांगा गया तो आरोपियों ने मोबाइल फोन बंद कर लिए। इसके बाद पीड़ित को धोखाधड़ी की जानकारी हुई और उसने खजनी थाने में तहरीर दी।

विवेचना के दौरान सामने आया कि कथित तौर पर 33,28,315 रुपये की निर्माण सामग्री लेकर भुगतान नहीं किया गया था।

फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट छिपाने का उपकरण मिला

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड और तीन कीपैड मोबाइल फोन, दो कूटरचित आधार कार्ड, दो डेबिट कार्ड, योगेश डांगर का ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड, जम्मू-कश्मीर बैंक की चेकबुक तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा तीन डायरी, एक नोटबुक, सिम कार्ड के लिफाफे, एक बैगनी हैंडबैग और सफेद मारुति स्विफ्ट कार भी मिली। बरामद डायरियों और नोटबुक में अलग-अलग राज्यों के ट्रकों के नंबर, फर्मों और व्यक्तियों के नाम तथा मोबाइल नंबर दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कार की नंबर प्लेट छिपाने वाला इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद हुआ है।

गोरखपुर में 45 वर्षीय महिला की मौत, घर में फांसी पर लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

कार्रवाई में खजनी थाने की पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस बरामद सामग्री के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

Location :  गोरखपुर

Published :  25 October 2026, 5:20 PM IST