
प्रतीकात्मक छवि
Shamli: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के शामली (Shamli) जिले में प्रेम प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमिका के बुलाने पर उसके घर पहुंचे युवक ने पकड़े जाने के बाद युवती की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब युवती के परिजनों ने दोनों को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दे दी थी। घटना का वीडियो युवती के छोटे भाई ने छत पर चढ़कर बना लिया, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला थानाभवन क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस के मुताबिक गांव निवासी युवती का अली मोहम्मद नामक युवक से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती पिछले दो दिनों से युवक को घर बुला रही थी। शुक्रवार सुबह जब घर के बाकी लोग धान की रोपाई के लिए बाहर गए थे, तब युवक उसके घर पहुंच गया।
करीब साढ़े 10 बजे अचानक युवती के परिजन घर लौट आए और दोनों को साथ देख लिया। शुरुआत में युवती ने परिवार के सामने कहा कि उसने ही युवक को बुलाया था।
पुलिस के अनुसार परिजनों की डांट के बाद युवती ने युवक के खिलाफ बयान देने की बात कही। इसके बाद परिजनों ने युवक और युवती को कमरे में बंद कर बाहर से गेट लगा दिया और पुलिस को सूचना दे दी।
खुद को फंसता देख युवक बौखला गया और उसने युवती की चुन्नी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के दौरान युवती का छोटा भाई सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ गया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया।
सूचना मिलने पर डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी अली मोहम्मद को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई चुन्नी भी बरामद कर ली गई है।
एसपी NP Singh और अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2024 में मृतका की मां ने आरोपी के बड़े भाई समेत चार लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि बाद में मामला खारिज हो गया था। उस मामले में उच्च न्यायालय में अपील लंबित बताई जा रही है।
पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती ने ही युवक को फोन कर घर बुलाया था।
Location : Shamli
Published : 22 May 2026, 9:12 PM IST
Topics : crime news love Story murder Shamli uttar pradesh