‘तेरे घर के सामने जान दे देंगे’… शादीशुदा महिला निकली बेवफा, ढाई साल तक युवक से मीठी बातें और फिर खूबसूरत लव स्टोरी का अंत

बिहार के पश्चिमी चंपारण के बगहा में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश से करीब 1000 किलोमीटर दूर शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक ने कथित तौर पर विषपान कर लिया। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 August 2026, 3:13 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा में फेसबुक से शुरू हुई एक कथित प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। जिस प्रेमिका ने युवक को सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था, उसी से मिलने वह करीब 1000 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश से बिहार पहुंच गया। लेकिन यहां पहुंचने के बाद युवक ने कथित तौर पर जहर खा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। यह घटना पटखौली थाना क्षेत्र के डीह डुमवलिया गांव की है। मंगलवार दोपहर हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

फेसबुक से शुरू हुई थी दोनों की कहानी

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी लाड़ सिंह राठौर के 25 वर्षीय बेटे शेखर राठौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शेखर मध्य प्रदेश के एक रेस्टोरेंट में फास्ट फूड बनाने का काम करता था। वहीं, जिस महिला से मिलने वह बगहा पहुंचा था, वह डीह डुमवलिया निवासी विश्वनाथ शर्मा की 32 वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी बताई जा रही है। महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। महिला के अनुसार, उसकी और शेखर की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए। करीब ढाई साल तक दोनों संपर्क में रहे, लेकिन बाद में रिश्ते में विवाद शुरू हो गया।

ब्लॉक करने के बाद बिहार पहुंच गया युवक

महिला ने बताया कि विवाद के बाद उसने शेखर को फेसबुक पर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद युवक ने फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि शेखर अलग-अलग नंबरों से बात करने की कोशिश करता रहा, लेकिन महिला हर बार उसे ब्लॉक करती रही। इसके बाद वह मध्य प्रदेश से बिहार के बगहा पहुंच गया।

घर पहुंचा तो हाथ में थी दवा और पानी की बोतल

महिला के मुताबिक, शेखर जब उसके घर पहुंचा तो उसके हाथ में दवा और पानी की बोतल थी। उसने महिला से मोबाइल फोन मांगा। जब महिला ने मोबाइल देने से इनकार किया तो उसने कथित तौर पर दवा खा ली। महिला ने बताया कि वह मदद के लिए आसपास के लोगों को बुलाने बाहर गई। इसी दौरान युवक ने कथित रूप से घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कराई। बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने आखिर इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। क्या दोनों के बीच विवाद की वजह सिर्फ सोशल मीडिया पर ब्लॉक करना था या फिर कोई और कारण था, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।

Location :  Patna

Published :  26 August 2026, 3:13 PM IST

Advertisement