हिंदी
बिहार के पूर्णिया से यूपी STF द्वारा मौलाना अब्दुल्ला सलीम चतुर्वेदी की गिरफ्तारी ने विवाद को और बढ़ा दिया है। योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित टिप्पणी के बाद कई मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। फिलहाल गोरखपुर में पूछताछ जारी है।
आरोपी मौलाना को उठा ले गई यूपी STF (IMG: Google)
Purnima: एक बयान, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और फिर अचानक हुई गिरफ्तारी- बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश तक सियासी और धार्मिक हलकों में हलचल मच गई है। मामला ऐसा कि गांव के लोगों को पहले समझ ही नहीं आया कि हो क्या रहा है। सादे कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मी, तेजी से हुई कार्रवाई और कुछ ही मिनटों में एक चर्चित मौलाना हिरासत में। यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी ‘क्राइम सीन’ जैसा लग रहा था, लेकिन इसके पीछे की कहानी कहीं ज्यादा गंभीर है। आरोप है कि एक विवादित बयान ने पूरे मामले को आग दे दी और अब इसकी गूंज कई राज्यों तक पहुंच चुकी है।
UP STF ने बिहार के पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र से इस्लामी वक्ता मौलाना अब्दुल्ला सलीम चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बेहद तेजी और गोपनीय तरीके से की गई। बताया जा रहा है कि STF की टीम सादे लिबास में गांव पहुंची और महज पांच मिनट के भीतर मौलाना को हिरासत में ले लिया। इस दौरान गांव के लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।
दमालपुर गांव में जब STF की टीम पहुंची, तो किसी को अंदाजा नहीं था कि यह पुलिस की कार्रवाई है। अचानक हुई इस घटना से लोग घबरा गए। कई लोगों को लगा कि शायद किसी व्यक्ति का अपहरण किया जा रहा है। लेकिन कुछ ही देर में सच्चाई सामने आई कि यह कार्रवाई यूपी पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा की गई है। इसके बाद गांव में इस घटना को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
UP STF ने प्रयागराज से दबोचा 50 हजार का इनामी आरोपी, गोवध केस में चल रहा था फरार
दरअसल, मौलाना चतुर्वेदी का एक बयान पिछले दिनों काफी चर्चा में आ गया था। एक धार्मिक जलसे में उन्होंने योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की थी। यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही पूरे उत्तर प्रदेश में विरोध शुरू हो गया। लोगों ने इसे लेकर कड़ी नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
इस विवाद के बाद उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मौलाना के खिलाफ करीब 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए गए। कई जगहों पर प्रदर्शन भी हुए और गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई। कानून-व्यवस्था के लिहाज से यह मामला गंभीर होता गया, जिसके बाद STF को कार्रवाई के लिए आगे आना पड़ा। आखिरकार पूर्णिया से गिरफ्तारी कर मौलाना को गोरखपुर लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
विवाद बढ़ने के बाद मौलाना चतुर्वेदी ने सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा कि उनका बयान गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ की मां उनके लिए भी मां समान हैं। मौलाना का दावा है कि यह वीडियो करीब दो साल पुराना है और उसके साथ छेड़छाड़ कर उसे वायरल किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास असली फुटेज मौजूद है।