
फायरिंग में 18 वर्षीय रीना को लगी गोली (IMG: Dynamite News)
Budaun: बदायूं जिले के दातागंज कोतवाली क्षेत्र में शराब के नशे में शुरू हुआ हंगामा कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव की शांत रात अचानक गोलियों की आवाज से गूंज उठी। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसकी चपेट में आकर 18 वर्षीय युवती रीना गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, घटना दातागंज कोतवाली क्षेत्र के बेनी नगला गांव की है। गांव निवासी नन्हे कथित तौर पर शराब के नशे में देर रात घर के बाहर हंगामा कर रहा था। उसकी हरकतों से आसपास के लोग परेशान हो गए। जब मोहल्ले के लोगों ने उसे समझाने और रोकने की कोशिश की तो कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद के दौरान चली गोली सुखपाल की 18 वर्षीय बेटी रीना को जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ी। परिवार और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजन बिना देर किए उसे दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
फायरिंग की घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दातागंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
बदायूं में तेज रफ्तार का कहर, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत, परिवार में पसरा मातम
घायल युवती के पिता सुखपाल की तहरीर पर पुलिस ने नन्हे और जगपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध तमंचे के साथ आरोपी जगपाल को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
Location : Budaun
Published : 5 August 2026, 1:14 PM IST