100 पुलिसकर्मियों ने मॉल को घेरा, 50 से ज्यादा हिरासत में, रातभर चला ऑपरेशन

Sapphire 90 Mall में पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की संयुक्त कार्रवाई, 18 स्पा सेंटरों की जांच में 8 जगह संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले। 30 महिलाएं और 20 पुरुष पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 September 2026, 8:41 AM IST

Gurugram: गुरुग्राम के सेक्टर-90 स्थित Sapphire 90 Mall में स्पा सेंटरों पर पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ा अभियान चलाया। करीब पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई में मॉल के सभी 18 स्पा सेंटरों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, आठ स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के संकेत मिले हैं।

100 पुलिसकर्मियों ने मॉल को घेरा, रातभर चला ऑपरेशन

पुलिस कार्रवाई रात करीब 10 बजे शुरू हुई और सुबह 3 बजे तक जारी रही। अभियान के दौरान करीब 100 पुलिसकर्मियों ने पूरे मॉल की घेराबंदी कर ली थी। टीम में करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल थे।

कार्रवाई की अगुवाई एसीपी मुख्यालय-एक अभिलक्ष जोशी ने की। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी भी अपनी टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मौके पर मौजूद रहीं।

8 स्पा सेंटरों से मिले संदिग्ध सबूत

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आठ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े प्रारंभिक सबूत मिले हैं। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजी सामग्री जब्त की है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस अब स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले, पूछताछ जारी

छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों में करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौजूद मिले। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वहां मौजूद लोगों की भूमिका क्या थी।

महिलाओं से उनके काम और परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है, जबकि पुरुषों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कई सेंटर बंद मिले, पुलिस ने काटे ताले

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगने के बाद कुछ स्पा सेंटर संचालक मौके से गायब हो गए और कई सेंटरों पर ताले लगे मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने कटर की मदद से ताले काटकर अंदर प्रवेश किया और जांच पूरी की।

खेड़कीदौला थाना करेगा आगे की जांच

प्रारंभिक जांच एसीपी मुख्यालय-एक अभिलक्ष जोशी द्वारा की गई है। अब मामले की आगे की जांच खेड़कीदौला थाना पुलिस करेगी। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और सबूत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि वैध कारोबार की आड़ में चल रही संगठित गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Gurugram

Published :  19 September 2026, 8:41 AM IST