

सराफा बाजार में इस सप्ताहांत सोने की कीमतों में स्थिरता देखी गई है, जबकि रक्षाबंधन पर मामूली गिरावट दर्ज की गई थी। अमेरिका द्वारा भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने के फैसले के बावजूद बाजार स्थिर नजर आ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि सोने में आने वाली गिरावट पर खरीदारी फायदेमंद साबित हो सकती है।
सोने की कीमत (Img: Google)
New Delhi: रक्षाबंधन के अगले दिन रविवार को देश के सराफा बाजार में सोने की कीमतों में स्थिरता बनी रही। 24 कैरेट सोने का भाव आज ₹1,03,190 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है, जो कि कल के भाव से बिल्कुल समान है। वहीं 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम भी क्रमशः ₹94,600 और ₹77,400 प्रति 10 ग्राम पर स्थिर हैं।
हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की, जिससे कुल टैरिफ 50% हो गया है। इस घोषणा के बाद उम्मीद थी कि वैश्विक बाजारों में हलचल देखने को मिलेगी, लेकिन फिलहाल भारतीय बाजार स्थिर बना हुआ है।
देश के प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, लखनऊ, जयपुर और मुंबई में भी सोने की कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,03,040 और 22 कैरेट का ₹94,450 प्रति 10 ग्राम है। वहीं कोलकाता में भी लगभग यही भाव बने हुए हैं।
चांदी में जबरदस्त उछाल
सोने के मुकाबले चांदी में बीते सप्ताह काफी तेजी देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 3.51% बढ़कर $38.31 प्रति औंस पर बंद हुई, जबकि एमसीएक्स पर यह 4.19% चढ़कर ₹1,14,881 पर बंद हुई। कारोबार के दौरान चांदी ने ₹1,16,641 का उच्चतम स्तर छू लिया।
विशेषज्ञों की राय
कमोडिटी विश्लेषक अजय केडिया के अनुसार, वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। इंटरनेशनल मार्केट में सोना 1.07% बढ़कर $3398 पर बंद हुआ। एमसीएक्स पर यह ₹1,01,798 पर बंद हुआ और कारोबार के दौरान ₹1,02,250 तक गया।
हालांकि डॉलर इंडेक्स में 0.43% की गिरावट दर्ज की गई, जो सोने की तेजी का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके अलावा स्विस गोल्ड पर टैरिफ लगाए जाने की अफवाह भी सोने की कीमतों को प्रभावित करती रही, लेकिन बाद में व्हाइट हाउस की ओर से स्पष्ट किया गया कि गोल्ड बार्स पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
आने वाले दिनों का रुझान
सोने के रुझान की बात करें तो विशेषज्ञों का मानना है कि 15 अगस्त को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बैठक महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। यदि यह बैठक यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में बढ़ती है, तो सोने की तेजी पर ब्रेक लग सकता है।
फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है और निवेशकों को गिरावट पर खरीदारी (Buy on Dips) की रणनीति अपनाने की सलाह दी जा रही है।
सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल
सोना (MCX):
सपोर्ट: ₹1,00,000 और ₹99,200
रेजिस्टेंस: ₹1,02,800 और ₹1,04,000
चांदी (MCX):
सपोर्ट: ₹1,12,000 और ₹1,09,000
रेजिस्टेंस: ₹1,16,000 और ₹1,19,000