हिंदी
रक्षाबंधन के बाद बदला सर्राफा बाजार का मूड (Img- Envato)
New Delhi: रक्षाबंधन का त्योहार बीतते ही सर्राफा बाजार में हलचल बढ़ गई है। अमेरिकी डॉलर में आई कमजोरी के चलते सोने की चमक लौट आई है, वहीं दूसरी तरफ औद्योगिक मांग सुस्त पड़ने से चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गई है।
बीते दो दिनों में 10 ग्राम 24 कैरट सोना 500 रुपये और 22 कैरट सोना 460 रुपये महंगा हो चुका है। इससे पहले 27 अगस्त को सोने के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन अब बाजार फिर से बढ़त की राह पर है। दिल्ली में 24 और 22 कैरट सोने में 10 रुपये की हल्की बढ़त देखी गई।
सोने के उलट, चांदी के बाजार में नरमी का माहौल है। लगातार छह दिनों तक स्थिर रहने के बाद चांदी के भाव में दूसरे दिन भी गिरावट आई है। इन दो दिनों में एक किलो चांदी कुल 5,100 रुपये सस्ती हो चुकी है।
फिलहाल दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में एक किलो चांदी 2,54,900 रुपये के भाव पर बिक रही है। देश के प्रमुख महानगरों में सबसे महंगी चांदी चेन्नई में है, जहां इसका रेट 2,64,900 रुपये प्रति किलो बना हुआ है।
आज देश के प्रमुख शहरों में सोने के भाव में थोड़ा अंतर देखा जा रहा है। दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में 24 कैरट सोना 1,61,290 रुपये, 22 कैरट 1,47,860 रुपये तथा 18 कैरट 1,21,010 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
वहीं मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरू और हैदराबाद में 24 कैरट का भाव 1,61,140 रुपये, 22 कैरट 1,47,710 रुपये और 18 कैरट 1,20,860 रुपये रहा। पटना और अहमदाबाद में 24 कैरट सोना 1,61,190 रुपये में बिका, जबकि चेन्नई में सबसे महंगा 24 कैरट सोना 1,61,470 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोने और चांदी की कीमतों में आगे भी तेजी देखी जा सकती है। 360 ONE के प्रेसिडेंट और हेड-ब्रोकरेज विरल शाह के अनुसार, अगर अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट आती है और डॉलर कमजोर होता है, तो अगले 6 से 8 महीनों में सोना-चांदी मौजूदा स्तर से 10% तक महंगे हो सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 29 August 2026, 9:30 AM IST