Petrol Diesel Price: कच्चा तेल टूटा, लेकिन जनता पर बोझ बरकरार; जानिए आपके शहर में पेट्रोल-डीजल के नए भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 10 फीसदी से अधिक गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई राहत नहीं मिली है। 11 दिनों में चार बार बढ़ोतरी के बाद तेल कंपनियों ने कीमतों को फिलहाल स्थिर रखा है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 31 May 2026, 8:29 AM IST
google-preferred

New Delhi: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद देशवासियों को पेट्रोल और डीजल के दामों में राहत नहीं मिली है। सरकारी तेल कंपनियों ने रविवार, 31 मई 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। हालांकि इससे पहले मई महीने में लगातार चार बार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की जा चुकी है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

11 दिनों में चार बार बढ़ी कीमतें

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने 11 दिनों के भीतर चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया। इसके बाद 19 मई और 23 मई को भी क्रमशः 87-87 पैसे और 91-91 पैसे की बढ़ोतरी की गई। वहीं 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया।

दिल्ली में 11 दिनों में 7 रुपये से ज्यादा बढ़े दाम

लगातार हुई बढ़ोतरी के कारण राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 11 दिनों में कुल 7.35 रुपये और डीजल 7.82 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। वर्तमान में दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Petrol Diesel Price: पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भारतीय कंपनियों ने लिया यह फैसला, जानिए आज की नई रेट लिस्ट

चार महानगरों में क्या हैं ताजा रेट

देश के प्रमुख महानगरों में पेट्रोल की कीमतें अलग-अलग बनी हुई हैं। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल की कीमत कोलकाता में 99.82 रुपये, मुंबई में 97.83 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है।

क्रूड ऑयल में आई बड़ी गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस सप्ताह कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मानक ब्रेंट क्रूड करीब 11 फीसदी टूटकर 92.05 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जो सात सप्ताह की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट मानी जा रही है। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 9 फीसदी से अधिक गिरकर 87.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगी आग, मिडिल ईस्ट संकट के बीच आज फिर आम आदमी की जेब पर पड़ा बोझ, जानें आज के लेटेस्ट रेट

क्या आगे मिल सकती है राहत?

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहता है और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव कम होता है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत मिलने की संभावना बन सकती है। हालांकि फिलहाल तेल कंपनियों ने कीमतों को यथावत रखा है।

Location :  New Delhi

Published :  31 May 2026, 8:29 AM IST

Related News

Advertisement