Gold Rate Today: सोने के दाम फिसले, चांदी भी हुई सस्ती; जानिए आपके शहर में आज का ताजा भाव

सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वैश्विक बाजार की कमजोरी और RBI की मौद्रिक नीति बैठक के बीच निवेशकों की नजर बाजार पर टिकी हुई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 June 2026, 9:16 AM IST

New Delhi: देशभर में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। 4 जून को राजधानी दिल्ली सहित कई बड़े शहरों में सोने के दाम में कमी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में कमजोरी और अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम को लेकर बनी अनिश्चितता का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। इसके चलते निवेशकों का रुझान फिलहाल सतर्क बना हुआ है।

दिल्ली-मुंबई में कम हुए सोने के भाव

दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,56,360 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,43,340 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। वहीं मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोने का भाव 1,56,210 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,43,190 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। चेन्नई में सोने की कीमत देश के अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में अधिक बनी हुई है, जहां 24 कैरेट सोना 1,58,170 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है।

वैश्विक बाजार का दिख रहा असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,463.84 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों की रणनीति में बदलाव देखने को मिल रहा है। जानकारों का मानना है कि लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका भी सोने की कीमतों पर दबाव बना रही है।

Gold Price Today: गोल्ड मार्केट में अचानक मची हलचल, आखिर किस वजह से महीने के पहले दिन फिसले सोने के दाम?

RBI की बैठक पर बाजार की नजर

भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की जून बैठक 3 जून से शुरू हो चुकी है और इसके नतीजे 5 जून को घोषित किए जाएंगे। वर्तमान में रेपो रेट 5.25 प्रतिशत है। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि केंद्रीय बैंक इस बार भी रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं करेगा। महंगाई और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए ब्याज दरों को स्थिर रखा जा सकता है, जिसका असर सोने की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

RBI ने सोना बेचने की खबरों को बताया गलत

हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने बड़ी मात्रा में सोना बेचा है। हालांकि RBI ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि देश का भौतिक स्वर्ण भंडार 880.52 टन पर स्थिर है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। केंद्रीय बैंक के अनुसार 22 मई 2026 तक विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी 16.85 प्रतिशत थी।

Gold-Silver Price: सर्राफा बाजार में मंदी, दिल्ली-मुंबई समेत प्रमुख शहरों में सस्ते हुए सोने-चांदी के दाम, जानें आज के ताजा भाव

चांदी की कीमतों में भी आई नरमी

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है। 4 जून को चांदी का भाव 2,79,900 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी 74.43 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रही है। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष जनवरी में चांदी की कीमत 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई थी। फिलहाल दोनों कीमती धातुओं में नरमी से खरीदारों को राहत मिली है।

Location :  New Delhi

Published :  4 June 2026, 9:16 AM IST