हिंदी
सोने के दामों में बड़ी गिरावट (Img- Pinterest)
New Delhi: भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। वैश्विक बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) में बने तनाव के बीच आज लगातार तीसरे दिन सोने के भाव नीचे आए हैं। बीते तीन दिनों के भीतर 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत में 2510 रुपये और 22 कैरेट वाले सोने में 2310 रुपये की बड़ी कटौती दर्ज की गई है।
हालांकि आज 24 कैरेट और 22 कैरेट दोनों श्रेणी के सोने में 10 रुपये प्रति 10 ग्राम की मामूली नरमी आई है। दामों में आई इस गिरावट से त्योहारी सीजन और शादियों की खरीदारी करने वालों को बड़ी राहत मिली है।
देश के प्रमुख महानगरों और शहरों में सोने के दामों में एकसमान रुख देखा जा रहा है। देश की राजधानी दिल्ली, आर्थिक राजधानी मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, पटना, जयपुर और अहमदाबाद में 24 कैरेट शुद्धता वाले 10 ग्राम सोने का भाव 1,53,320 रुपये पर बना हुआ है।
वहीं इन्हीं शहरों में 22 कैरेट सोने का रेट 1,40,540 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने का भाव 1,14,990 रुपये दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, चेन्नई में सोना सबसे महंगा बिक रहा है, जहां 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 1,54,740 रुपये, 22 कैरेट का भाव 1,41,840 रुपये और 18 कैरेट सोने का रेट 1,19,540 रुपये है।
सोने की चमक बरकरार: देश के सर्राफा बाजारों में भाव स्थिर, जानें 22 और 24 कैरट के ताजा दाम
औद्योगिक मांग में सुस्ती के कारण एक दिन की स्थिरता के बाद आज चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। आज बाजार में एक किलो चांदी 100 रुपये सस्ती हुई है। इसके बाद दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में एक किलो चांदी का भाव 2,49,900 रुपये पर आ गया है। हालांकि देश के चारों प्रमुख महानगरों में सबसे महंगी चांदी चेन्नई में बिक रही है, जहां 1 किलो चांदी की कीमत 2,59,900 रुपये तक पहुंच गई है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में आ रही मजबूती और यूएस फेडरल रिजर्व की नीतियों ने सोने पर दबाव बनाया है। डॉलर इंडेक्स 100 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो बीते कुछ महीनों का उच्चतम स्तर है।
जब अमेरिकी डॉलर मजबूत होता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में अन्य मुद्राओं वाले खरीदारों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है। इसके अलावा फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ब्याज दरें उच्च स्तर पर बनी रह सकती हैं, जिससे कीमती धातुओं के दाम प्रभावित हो रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 23 September 2026, 8:23 AM IST