बड़ी खबर: सीनियर IPS अनुराग धनखड़ DGP त्रिपुरा की रहस्यमयी मौत, पुलिस मुख्यालय में मिला शव

त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ की पुलिस मुख्यालय में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस अभी हर पहलू से जांच कर रही है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 July 2026, 2:53 PM IST
google-preferred

Tripura: त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) और वरिष्ठ IPS अधिकारी अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर ने पूरे देश को चौंका दिया है। सोमवार को उनका शव अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में उनके कार्यालय के कमरे से मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार उन्हें फंदे से लटका हुआ पाया गया, जिसके बाद तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद पुलिस विभाग और राज्य प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

करीब 48 मिनट तक चली डॉक्टरों की कोशिश

अनुराग धनखड़ को तुरंत गोविंद बल्लभ पंत (GBP) अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर प्रदीप भौमिक ने बताया कि जब उन्हें दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लाया गया, तब उनके शरीर में नब्ज, ब्लड प्रेशर या अन्य कोई जीवन संकेत नहीं मिले। इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम ने करीब 48 मिनट तक लगातार CPR दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। दोपहर 12:48 बजे उन्हें आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया गया।

गोरखपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, SOG के उपनिरीक्षक राजकुमार बरवार बने बेलीपार के नए थानाध्यक्ष

हर पहलू से जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल शुरुआती स्तर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। अभी तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

प्रशासन में मचा हड़कंप

इस घटना की जानकारी मिलते ही त्रिपुरा के मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा तुरंत पुलिस मुख्यालय पहुंचे। मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। अस्पताल और पुलिस मुख्यालय दोनों जगह सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

CJP Protest: पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आसूं गैस के गोले दागे, संसद गेट और जंतर मंतर पर भारी तनाव; जानिए बड़े अपडेट

तीन दशक का लंबा अनुभव

अनुराग धनखड़ मई 2025 से त्रिपुरा के DGP के पद पर कार्यरत थे। अपने लगभग 30 साल के सेवा काल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं। वे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो मिशन (UN Mission) में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। एक अनुभवी और शांत स्वभाव के अधिकारी के रूप में उनकी पहचान रही है।

Location :  Tripura

Published :  20 July 2026, 2:10 PM IST

Advertisement