नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का अपराधियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, साढ़े तीन सालों में 340 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने गैंगस्टर एक्ट के तहत साढ़े तीन वर्षों में 340 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में भूमाफिया और संगठित अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर किया गया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 6 June 2026, 3:50 PM IST

Noida: गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने संगठित अपराध और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए पिछले साढ़े तीन वर्षों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत चलाए गए अभियान में पुलिस ने 340 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की हैं। यह कार्रवाई नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के आदेश पर की गई। पुलिस का मानना है कि केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई करना भी अपराध नियंत्रण की प्रभावी रणनीति है।

साढ़े तीन साल में दर्ज हुए 198 गैंगस्टर मुकदमे

यह कार्रवाई उन आरोपियों के खिलाफ की गई, जो भूमाफिया गतिविधियों, अवैध वसूली, संगठित अपराध और अन्य गंभीर मामलों में शामिल पाए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में गैंगस्टर एक्ट के तहत लगातार अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 198 मुकदमे दर्ज किए गए। इन मामलों में 1037 आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को चिह्नित करते हुए उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए।

Noida Protest: सेक्टर 64 से 121 तक फिर तनाव, वेतन विवाद पर भड़के श्रमिक

340 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

अभियान के दौरान पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी। आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में कुल 340 करोड़ 41 लाख 19 हजार 657 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। इनमें जमीन, मकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, प्लॉट और अन्य चल-अचल संपत्तियां शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन संपत्तियों को अपराध के जरिए अर्जित किया गया था और कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें जब्त किया गया।

भूमाफिया और संगठित अपराधियों पर सबसे ज्यादा फोकस

कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष रूप से उन गिरोहों को निशाने पर लिया, जो अवैध कब्जे, जमीनों की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी, रंगदारी और अन्य संगठित अपराधों में शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि कई मामलों में अपराधी वर्षों से अवैध कमाई के जरिए अपनी आर्थिक ताकत बढ़ा रहे थे। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी वित्तीय क्षमता को कमजोर किया गया है।

Noida Fire: देर रात हाईराइज सोसायटी में भयंकर आग, धू-धू कर जली 12वीं मंजिल का फ्लैट

केवल गिरफ्तारी नहीं, आर्थिक नेटवर्क तोड़ने पर जोर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार अपराधियों के लिए जेल जाना अस्थायी परेशानी साबित होता है, लेकिन जब उनकी अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई होती है तो उनके पूरे नेटवर्क पर असर पड़ता है। इसी सोच के साथ कमिश्नरेट पुलिस अपराधियों की आर्थिक जड़ों पर चोट करने की रणनीति पर काम कर रही है।

Location :  Noida

Published :  6 June 2026, 3:47 PM IST