हिंदी
IAS Kunal Rastogi (Image: Social Media)
Gorakhpur News: खजनी तहसील में अब प्रशासन की कमान एक युवा IAS अधिकारी के हाथों में है। बुधवार देर शाम IAS अधिकारी कुणाल रस्तोगी ने खजनी तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी (SDM) का कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करते ही तहसील क्षेत्र में लंबित मामलों और फरियादियों की समस्याओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों को उम्मीद है कि नए अधिकारी के आने से राजस्व और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम कुणाल रस्तोगी ने आम लोगों की समस्याओं और फरियादों को गंभीरता से सुना। उन्होंने राजस्व और प्रशासन से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देने के संकेत दिए। खजनी तहसील में रोजाना बड़ी संख्या में लोग जमीन विवाद, नामांतरण, सीमांकन, वरासत और विभिन्न प्रमाण पत्रों से जुड़े काम लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में नए एसडीएम के सामने इन मामलों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निस्तारण बड़ी चुनौती होगी।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नए अधिकारी की तैनाती के बाद लंबे समय से लंबित मामलों में तेजी आएगी। लोगों का कहना है कि अगर फरियादियों की शिकायतों पर समय से कार्रवाई हुई तो उन्हें बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खासकर जमीन और राजस्व से जुड़े विवादों में लोग लंबे समय से समाधान का इंतजार करते हैं।
लखनऊ निवासी कुणाल रस्तोगी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 में ऑल इंडिया 15वीं रैंक हासिल की थी। प्रशासनिक सेवा में आने की प्रेरणा उन्हें अपने परिवार से मिली। उनके पिता IPS अधिकारी हैं। बचपन से पिता को अलग-अलग जगहों पर जिम्मेदारी के साथ काम करते देखने के बाद उनके मन में भी समाज और लोगों के लिए काम करने की इच्छा मजबूत हुई।
कुणाल रस्तोगी ने BITS Pilani से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा को अपना लक्ष्य बनाया। UPSC की तैयारी के दौरान उन्हें कई बार असफलता का सामना करना पड़ा। पहले प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम सफलता नहीं मिली। दूसरे प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पार नहीं कर सके। इसके बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी और तीसरे प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश में 15वीं रैंक हासिल कर ली। अब खजनी में उनकी नई जिम्मेदारी शुरू हो चुकी है। ऐसे में लोगों की नजर उनके कामकाज और प्रशासनिक फैसलों पर रहेगी। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनकी कार्यशैली का असर तहसील की व्यवस्था, फरियादियों की सुनवाई और राजस्व मामलों के निस्तारण में जल्द दिखाई देगा।
Location : Gorakhpur
Published : 2 September 2026, 9:49 PM IST