हिंदी
आईएएस दिव्या मित्तल (फाइल फोटो)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी। दिव्या मित्तल इस समय उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर तैनात थीं। इससे पहले वह देवरिया की जिलाधिकारी और मिर्जापुर की डीएम रह चुकी हैं।
दिव्या मित्तल ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अपनी इच्छा से IAS की 13 वर्षों की यात्रा को विराम दिया है। उन्होंने कहा कि यह सफर उनके लिए अविस्मरणीय रहा, जिसमें उन्हें देश की सेवा करने का अवसर मिला।
उन्होंने लिखा कि साधारण परिवेश से निकलकर उन्होंने एक सफल जीवन का सपना देखा था। IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी भी की, लेकिन विदेश में रहते हुए उन्हें अपने देश से जुड़ाव महसूस होता रहा।
दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट में बताया कि विदेश में करियर बनाने के बावजूद उनके मन में हमेशा अपने देश के लिए कुछ करने की इच्छा थी। उन्होंने लिखा कि उनकी शिक्षा, आत्मविश्वास और दुनिया में कहीं भी आगे बढ़ने की क्षमता इसी मिट्टी का कर्ज है, जिसे वह चुकाना चाहती थीं।
उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ वह भारत लौटीं और IAS अधिकारी बनने का अवसर मिला।
दिव्या मित्तल ने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। अपने काम करने के तरीके और जनहित से जुड़े फैसलों को लेकर उन्होंने लोगों के बीच अलग पहचान बनाई थी।
अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए दिव्या मित्तल ने एक भावुक अनुभव भी साझा किया। उन्होंने लहुरिया दह की पहाड़ी की एक बुजुर्ग महिला का जिक्र किया, जहां गांव में पहली बार पानी पहुंचने पर उस महिला ने उन्हें आशीर्वाद दिया था।
उन्होंने लिखा कि पद भले ही आज छूट गया, लेकिन उस बुजुर्ग मां का स्पर्श और देश के लिए काम करने का सपना जीवनभर उनके साथ रहेगा।
उत्तर प्रदेश की 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की सेवा के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी और देश सेवा के अपने सफर को याद किया। दिव्या मित्तल देवरिया और मिर्जापुर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं।
Location : Lucknow
Published : 30 August 2026, 9:15 AM IST
Topics : Divya Mittal Deoria DM Divya Mittal IAS Divya Mittal Resigns UP IAS Officer Resignation Uttar Pradesh News