यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादले, कई SP समेत नोएडा से लेकर गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर बदले गए, देखिये पूरी सूची

उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग के 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। मोहित अग्रवाल को प्रयागराज, लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद और जे रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदले गए हैं। वहीं, तीन अधिकारियों के तबादले निरस्त किए गए हैं। देखिए पूरी लिस्ट।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 27 November 2026, 2:10 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 28 आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। ट्रांसफर की इस सूची में 3 अफसरों के तबादले को भी निरस्त कर दिया गया है।

इस फेरबदल में पुलिस कमिश्नरेट से लेकर रेंज और जिलों तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अयोध्या और मुरादाबाद जैसे अहम जिलों में पुलिस अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। वहीं, कई अधिकारियों को पीएसी और पुलिस मुख्यालय से हटाकर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

पुलिस कमिश्नरेट में भी बड़ा बदलाव

जारी सूची के मुताबिक, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना), उत्तर प्रदेश मुख्यालय लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। इस बदलाव के जरिए पश्चिमी यूपी के दो महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट में नई तैनाती की गई है।

लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रहमत शर्मा को भी नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें बरेली जोन से हटाकर लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वहीं, लखनऊ जोन में तैनात प्रवीण कुमार को बरेली जोन का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हाथरस पुलिस में बड़ा फेरबदल, 18 इंस्पेक्टरों का तबादला; अलीगढ़, एटा और कासगंज भेजे गए

वाराणसी में किरण एस को मिली कमान

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के तहत पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को लखनऊ परिक्षेत्र से हटाकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है। उन्हें वाराणसी का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं, अलीगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र भेजा गया है। इसी तरह आगरा परिक्षेत्र के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है।

तकनीकी सेवाओं में तैनात डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र भेजा गया है। इस तरह पश्चिमी और मध्य यूपी के कई महत्वपूर्ण पुलिस परिक्षेत्रों में अधिकारियों की अदला-बदली की गई है।

अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदले

जिलों में तैनाती की बात करें तो अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है।

पीएसी से हटाकर अधिकारियों को दी गई नई जिम्मेदारी

तबादला सूची में पीएसी में तैनात कई अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक आकाश तोमर को डॉ. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक अमित कुमार को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू), उत्तर प्रदेश लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

15वीं वाहिनी पीएसी आगरा के सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, 36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश लखनऊ में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

इसके अलावा 42वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास पहले से कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं का अतिरिक्त प्रभार भी था।

20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (पीटीएस), गोरखपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

UP Tehsildar Transfer: यूपी में सहारनपुर से सोनभद्र तक चली तबादला एक्सप्रेस, 136 तहसीलदारों के तबादले; देखिए पूरी सूची

गौतमबुद्धनगर और कानपुर में भी नई तैनाती

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर में तैनात डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।

गाजियाबाद में अमित कुमावत और पुनीत द्विवेदी को जिम्मेदारी

तबादला सूची में आईपीएस अमित कुमावत को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, पुनीत द्विवेदी को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

तीन अधिकारियों के तबादले निरस्त

इस पूरी सूची में तीन अधिकारियों के तबादले निरस्त होने की बात भी सामने आई है। इनमें पुनीत द्विवेदी, आईपीएस नीतीू और अमित कुमावत शामिल हैं। पुनीत द्विवेदी का लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर किया गया तबादला निरस्त करते हुए उन्हें गाजियाबाद भेजा गया है।

Location :  Lucknow

Published :  27 November 2026, 2:08 PM IST