
दो जनप्रतिनिधियों के करीबियों को मारी गोली (Image: Dynamite News)
Bagaha News: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत भैरोगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ अपराधियों ने दो अलग-अलग जगहों पर गोली मारकर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी की दोनों घटनाएं पुराने विवाद और आपसी रंजिश से जुड़ी हुई हैं। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना कपरधिका पंचायत क्षेत्र की है, जहां उप मुखिया 40 वर्षीय अशोक दास को गोली मार दी गई। वहीं दूसरी घटना लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या छह में हुई, जहां 38 वर्षीय राधेश्याम राम अपराधियों की गोली का शिकार हो गए। गोली लगने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और भैरोगंज थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. संजय गुप्ता ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों घायलों को दो-दो गोलियां लगी थी। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। बताया गया कि अशोक दास के बाएं कूल्हे और पेट में गोली लगी है, जबकि राधेश्याम राम के पेट में गोली लगने की बात सामने आई है।
इलाज के दौरान घायल अशोक दास ने कुछ लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुखिया पति मुन्ना दास, संदीप यादव समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना में शामिल लोगों और गोलीबारी की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही बगहा एसडीपीओ निहार भूषण अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूरे मामले की जानकारी ली। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। एसडीपीओ ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गोलीबारी के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बुधवार देर शाम हुई इस वारदात ने भैरोगंज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना और गोलीकांड की पूरी सच्चाई सामने लाना है।
Location : Bagaha News
Published : 2 September 2026, 9:01 PM IST