
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म(Source: Google)
Patna : विजयवाड़ा से मोतिहारी जाने के लिए पटना पहुंची 15 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रेल पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस ने बुधवार को अनीसाबाद इलाके से उस सफेद रंग की कार को जब्त कर लिया है, जिसमें मासूम के साथ पहली बार दरिंदगी की गई थी। इस मामले में अब तक दो मुख्य आरोपितों विकास उर्फ विजय और पवन राय को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीसरे फरार आरोपित की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।
पीड़िता 28 अप्रैल को विजयवाड़ा से ट्रेन पकड़कर 1 मई को मोतिहारी जाने के लिए पटना जंक्शन पहुंची थी। जंक्शन पर मोबाइल चोरी होने के बाद रो रही नाबालिग को एक युवक ने मदद का झांसा दिया। आरोपित उसे ऑटो से गांधी मैदान ले गया, जहां उसका दूसरा साथी कार लेकर पहुंचा। दोनों ने कार के भीतर ही नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
कार में दरिंदगी करने के बाद आरोपित उसे बेउर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ले गए। वहां तीसरा आरोपित भी पहुंच गया और तीनों ने मिलकर पीड़िता के साथ फिर से हैवानियत की। जब नाबालिग की तबीयत बिगड़ने लगी, तो आरोपित उसे दानापुर स्टेशन के पास छोड़कर भाग निकले।
पीड़िता किसी तरह दानापुर स्टेशन पहुंची, जहां मुख्य आरोपित फिर से उसे ले जाने की कोशिश करने लगा। नाबालिग के विरोध करने पर स्टेशन पर मौजूद लोगों ने आरोपित को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दानापुर रेल थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के अनुसार, पीड़िता की स्थिति अब बेहतर है और जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। पुलिस टीम तीसरे फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Location : Patna
Published : 7 May 2026, 7:27 AM IST