नालंदा में सिस्टम की लापरवाही या हादसा? 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आई यात्री बस, ग्रामीणों ने बचाई 50 जिंदगियां

बिहार के नालंदा में 11 हजार वोल्ट के लटकते तार से बस की छत पर रखी साइकिल छूने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से 2 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों की सूझबूझ से करीब 50 लोगों की जान बच गई।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 17 June 2026, 2:02 PM IST

Nalanda: बिहार के नालंदा जिले से सामने आई एक रूह कंपा देने वाली घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और परिवहन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पावापुरी थाना क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक यात्री बस में करंट दौड़ गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह हादसा सिर्फ एक संयोग नहीं, बल्कि सड़कों के ऊपर खतरनाक ढंग से लटकते बिजली के तारों की अनदेखी का नतीजा है, जो आए दिन राहगीरों के लिए मौत का जाल बने रहते हैं।

छत पर बंधी साइकिल बनी करंट का 'कंडक्टर'

घटना के वक्त बस अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। अमूमन ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में बसों की छत पर सामान लादना एक आम बात है, लेकिन यही लापरवाही इस बार भारी पड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की छत पर एक लोहे की साइकिल रखी हुई थी।

Bihar Food Poisoning: नालंदा में खाना खाते ही बेहोश होकर गिरे तीन दर्जन से अधिक बच्चे, सब्जी में मिली संदिग्ध गोली

जैसे ही बस पावापुरी के पास पहुंची, सड़क पार कर रहा 11,000 वोल्ट का हाई टेंशन तार नीचे लटके होने के कारण छत पर रखी साइकिल से छू गया। लोहा होने की वजह से साइकिल ने बिजली को तेजी से खींचा और पलक झपकते ही पूरी बस एक 'इलेक्ट्रिक चैंबर' में तब्दील हो गई। झटका इतना जोरदार था कि यात्रियों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला।

चीख-पुकार के बीच देवदूत बने स्थानीय ग्रामीण

हादसे के वक्त बस के अंदर और ऊपर मिलाकर करीब 50 से 60 यात्री सवार थे, जो अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। जैसे ही करंट फैला, पूरी बस में अफरा-तफरी मच गई और मासूम यात्रियों की चीख-पुकार से इलाका दहल उठा। इस खौफनाक मंजर के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने गजब का साहस और सूझबूझ दिखाई।

अपनी जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ से बस में फंसे दर्जनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बहुत बड़ा नरसंहार होने से टल गया। सूचना मिलते ही पावापुरी थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली सप्लाई कटवाकर राहत कार्य शुरू किया।

हथियार तस्करी पर शिकंजा! नालंदा में NIA-ATS की छापेमारी, गन हाउस समेत कई ठिकाने खंगाले; जानिये पूरी डिटेल्स

सवालों के घेरे में सिस्टम: जिम्मेदार कौन?

इस दर्दनाक हादसे ने कई ऐसे सवाल छोड़ दिए हैं जिनका जवाब मिलना बाकी है। पहला सवाल बिजली विभाग से कि रिहायशी इलाकों और मुख्य सड़कों के ऊपर हाई टेंशन तार इतनी नीचे क्यों लटके हुए थे? दूसरा सवाल परिवहन विभाग और बस ऑपरेटरों से कि क्षमता से अधिक सवारी भरने और छत पर इस तरह असुरक्षित सामान लादने की अनुमति कैसे दी गई? पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल वही है कि इन दो मौतों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

Location :  Nalanda

Published :  17 June 2026, 2:02 PM IST