Muzaffarpur Crime: मंदिर के पास बोरे में मिली युवती की लाश, चेहरे पर गहरे घाव, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर के सरैया में जंगली माई स्थान के पास बोरे में बंद युवती की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। चेहरे पर गंभीर जख्म के निशान हैं। पुलिस, FSL टीम और ग्रामीण SP जांच में जुटे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 October 2026, 2:07 PM IST

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक और खौफनाक घटना से पूरा इलाका सहम गया। रेवा घाट स्थित प्रसिद्ध जंगली माई स्थान मंदिर के समीप झाड़ियों में एक बंद बोरा मिलने से हड़कंप मच गया। जब स्थानीय लोगों को बोरे से तेज दुर्गंध आई, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची सरैया पुलिस ने जब बोरे को खुलवाया, तो उसमें से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

बर्बरता से हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका

शव को देखते ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवती की हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई है। मृतका के चेहरे पर गहरे और खौफनाक घाव के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपियों ने उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरे को क्षत-विक्षत करने का प्रयास किया।

बिहार में सोलर लगाने वालों के लिए बड़ी राहत! 98 हजार तक की सब्सिडी, घटेगा बिजली बिल, जानें पूरी योजना

चेहरे पर गंभीर चोटें होने के कारण फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है।

FSL टीम ने जुटाए फॉरेंसिक सबूत

वारदात की भयावहता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही पुलिस रेवा घाट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बोरे को वहां किसने और किस वाहन से फेंका था।

ग्रामीण SP राजेश सिंह प्रभाकर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ और एफएसएल टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतका की पहचान करना है।

बिहार MLC चुनाव में BJP का बड़ा ऐलान, 4 सीटों पर चेहरे तय; नवल किशोर यादव फिर मैदान में

इसके लिए आसपास के सभी थानों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। ग्रामीण एसपी ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Location :  Muzaffarpur

Published :  2 October 2026, 2:07 PM IST