हिंदी
ब्रेकिंग न्यूज़
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा टाल क्षेत्र से बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग में निर्दलीय प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब दुलारचंद यादव चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, पीयूष प्रियदर्शी का चुनाव प्रचार मोकामा टाल इलाके में चल रहा था। इसी दौरान दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि झड़प के दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुलारचंद यादव एक समय लालू यादव के बेहद करीबी माने जाते थे। वर्तमान में वे मोकामा के निर्दलीय प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी उर्फ लल्लू मुखिया का समर्थन कर रहे थे। चार दिन पहले ही दुलारचंद यादव ने लल्लू मुखिया के समर्थन में एक गीत गाया था। मोकामा टाल क्षेत्र में उनका काफी प्रभाव था और वे स्थानीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही ASP बाढ़ मौके पर पहुंचे और स्थानीय थाना भी घटनास्थल पर मौजूद है। जांच-पड़ताल जारी है और ग्रामीण SP व SSP ने भी घटना की जानकारी ली है। प्रशासन ने क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है।
घटना के बाद इलाके में लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल है। इस घटना ने चुनावी हलकों में सन्नाटा फैला दिया है और राजनीतिक दलों के समर्थकों में तनाव बढ़ा है। मृतक दुलारचंद यादव के समर्थक और स्थानीय लोग इस गोलीबारी को गंभीर मान रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
Location : Patna
Published : 30 October 2025, 5:06 PM IST
Topics : bihar elections election campaign violence independent candidate Bihar Mokama firing Piyush Priyadarshi
No related posts found.