
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Gaya: बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के चापी गांव की पहाड़ी पर एक युवक और उसकी महिला मित्र के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने दोनों को घेरकर गाली-गलौज की और उन्हें काफी देर तक वहां से जाने नहीं दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब दो बजे गुरुआ निवासी युवक अपनी महिला मित्र के साथ बाइक से चापी पहाड़ी इलाके में घूमने पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की।
घटना के दौरान युवक और युवती ने वहां से जाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
आरोप है कि युवकों ने कपल की बाइक की चाबी छीन ली। इसके बाद बाइक के टायर की हवा निकाल दी गई और बाइक का प्लग भी निकाल दिया गया। इससे दोनों के लिए मौके से निकलना मुश्किल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की पहचान शुरू की।
कीबोर्ड पर उंगलियां चलाकर पाएं पक्की सरकारी नौकरी, जानिए टाइपिंग स्पीड से मिलने वाले 5 बेहतरीन अवसर
गया एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर मामले में विशेष टीम गठित की गई। ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में शेरघाटी एसडीपीओ और स्थानीय थाना प्रभारी को टीम में शामिल किया गया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर छापेमारी शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 4 बालिग और 4 नाबालिग बताए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स को भी चेतावनी दी है। गया एसएसपी ने कहा है कि पीड़िता का चेहरा या पहचान सार्वजनिक करना कानून के तहत गंभीर मामला हो सकता है। पुलिस ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट और यूजर्स की पहचान कर रही है, जिन्होंने युवती की पहचान उजागर की है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़े वीडियो को शेयर करते समय पीड़िता की पहचान सार्वजनिक न करें। मामले की जांच जारी है।
Location : Gaya
Published : 30 September 2026, 1:21 PM IST