‘शटर बंद न होता तो मार डालते’: पटना हिंसा पर रो पड़ा BJP विधायक, कहा- वो छात्र नहीं, जान लेने आए गुंडे-अपराधी थे!

पटना में छात्र मार्च के दौरान हुए बवाल का मुद्दा बिहार विधानसभा में गरमा गया। बीजेपी विधायक श्यामबाबू यादव ने सदन में रोष जताते हुए कहा कि हमलावर छात्र नहीं अपराधी थे, जो उनकी हत्या करना चाहते थे। मानसून सत्र के चौथे दिन सदन में भारी हंगामा हुआ।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 23 July 2026, 2:44 PM IST

Patna: बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर बीते बुधवार को छात्र संगठन के प्रदर्शन के दौरान हुआ उपद्रव गुरुवार को बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्य मुद्दा बन गया। सत्र के चौथे दिन भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने सदन के भीतर अपनी आपबीती सुनाते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।

बीजेपी विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव ने विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के सामने अपना दर्द बयां करते हुए साफ शब्दों में कहा कि उन पर हमला करने वाले लोग छात्र नहीं हो सकते, बल्कि वे गुंडे और पेशेवर अपराधी थे।

शटर बंद न होता तो हो जाती हत्या

सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव बेहद भावुक दिखे। उन्होंने बुधवार की खौफनाक घटना को याद करते हुए कहा, "कल भगवान की कृपा थी कि हम किसी तरह जिंदा बच गए। अगर स्थानीय दुकानदार भाई हिम्मत दिखाकर शटर गिराकर हमें दुकान के अंदर न छुपाते, तो वे उपद्रवी मेरी हत्या ही कर देते। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब कहीं जाकर हम सुरक्षित बाहर निकल सके।" उन्होंने बताया कि हमलावरों का मकसद केवल विरोध जताना नहीं, बल्कि जान लेना था।

गोरखपुर में वाहन चोर गिरोह का बड़ा खुलासा, बिहार तक फैला नेटवर्क

फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त, चालक और करीबियों पर भी जानलेवा हमला

घटना वाले दिन का जिक्र करते हुए बताया गया कि विधायक श्यामबाबू यादव पटना के फ्रेजर रोड पर अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी करके एक दुकान की तरफ बढ़े ही थे कि तभी अचानक उपद्रवियों की भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और उनके चालक व एक करीबी सहयोगी पर जानलेवा हमला बोला।

इसके अलावा, बीजेपी के ही एक अन्य विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर भी कल हमला हुआ था, जिसकी उन्होंने सदन में कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

यूपी-बिहार बॉर्डर पर खाकी का कड़ा पहरा, बरेठा-मदीपुर चौराहे पर पकड़े गए गोपालगंज के दो शराब तस्कर

चौथे दिन भी हंगामेदार रहा मानसून सत्र

एक तरफ जहां सत्ता पक्ष के विधायकों ने उपद्रवियों के खिलाफ मोर्चा खोला, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी विधायकों ने विधानसभा के मुख्य द्वार पर ज़ोरदार प्रदर्शन और धरना दिया। विपक्ष ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। सदन के अंदर और बाहर एक साथ उठे इस बवाल ने मानसून सत्र के चौथे दिन के माहौल को पूरी तरह से गरमा दिया।

Location :  Patna

Published :  23 July 2026, 2:41 PM IST