22 साल की लड़की का 60 साल के बुजुर्ग पर आया दिल, कहा- इसी से शादी रचाऊंगी, वरना कुंवारी मर जाऊंगी

22 साल की युवती और 60 साल के बुजुर्ग की शादी चर्चा का विषय बन गई है। दोनों पिछले दो साल से प्रेम संबंध में थे। ग्रामीणों ने दोनों को साथ पकड़ने के बाद पंचायत बुलाई और फिर मंदिर में शादी करा दी। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 May 2026, 4:20 PM IST
google-preferred

Bihar: कटिहार जिले में एक अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 22 साल की युवती और 60 साल के बुजुर्ग के बीच चल रहे प्रेम संबंध का ऐसा अंत हुआ, जिसकी चर्चा गांव की चौपाल से लेकर सोशल मीडिया तक हो रही है। दोनों को ग्रामीणों ने सुनसान जगह पर साथ पकड़ लिया, लेकिन विरोध करने के बजाय पंचायत बैठी और फिर मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। अब इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पूरा मामला मनिहारी प्रखंड के बाघमारा पंचायत का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले 60 वर्षीय सुग्रीम पासवान का पास के बोलिया पंचायत की रहने वाली 22 साल की युवती के साथ पिछले करीब दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। उम्र में करीब 38 साल का अंतर होने के बावजूद दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलते थे, लेकिन गांव और परिवार के लोगों को इस रिश्ते की जानकारी नहीं थी। कुछ ग्रामीणों ने दोनों को गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर साथ देख लिया। इसके बाद पूरे गांव में चर्चा शुरू हो गई।

पंचायत में पूछे गए सवाल, दोनों ने कहा- हम शादी करेंगे

जब ग्रामीणों ने दोनों से पूछताछ की तो पहले लोग यह जानकर हैरान रह गए कि इतनी कम उम्र की लड़की आखिर 60 साल के बुजुर्ग से प्यार कैसे कर सकती है। हालांकि पंचायत में दोनों ने बिना किसी डर या झिझक के साफ कहा कि वे अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं और शादी करना चाहते हैं। इसके बाद गांव वालों ने फैसला लिया कि अगर दोनों अपनी इच्छा से साथ रहना चाहते हैं तो उनकी शादी करवा दी जाए। देखते ही देखते गांव के मंदिर में तैयारियां शुरू हो गईं। पंडित को बुलाया गया और ग्रामीणों की मौजूदगी में मंत्रोच्चारण के साथ शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती ने मंदिर में सुग्रीम पासवान से अपनी मांग में सिंदूर भरवाया। इसके बाद उसने माथे पर बिंदी लगाई और भगवान के सामने हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया। शादी के बाद दोनों मंदिर से साथ बाहर निकले। शादी के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो और तस्वीरें बनाई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं। वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

“प्यार उम्र नहीं देखता”

युवती ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और पिछले दो साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। उसने बताया कि परिवार वालों को भी इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है। वहीं सुग्रीम पासवान ने कहा कि उन्हें अपने प्यार का फल मिल गया और अब दोनों साथ रहेंगे।

Location :  Bihar

Published :  15 May 2026, 4:20 PM IST

Advertisement