हिंदी
घर पर ही ठीक करें हैंड ब्रेक की समस्या (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
New Delhi: कई बार लोग गाड़ी को ढलान पर पार्क करने के बाद हैंड ब्रेक खींच देते हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन धीरे-धीरे आगे या पीछे सरकने लगता है। ज्यादातर लोग इसे बड़ी खराबी समझकर सीधे गैरेज पहुंच जाते हैं और बेवजह ज्यादा पैसे खर्च कर बैठते हैं। जबकि असल में यह एक सामान्य समस्या होती है, जो समय के साथ लगभग हर गाड़ी में देखने को मिलती है।
दरअसल, रोजाना इस्तेमाल के कारण हैंड ब्रेक के अंदर लगी वायर धीरे-धीरे खिंच जाती है और ढीली पड़ने लगती है। यही वायर पीछे के ब्रेक को लॉक करने का काम करती है। जब इसमें ढीलापन आ जाता है तो हैंड ब्रेक पूरी ताकत से पहियों को पकड़ नहीं पाता। यही वजह है कि गाड़ी ढलान पर हल्की-हल्की सरकने लगती है।
बहुत कम लोग जानते हैं कि हैंड ब्रेक लीवर के नीचे या उसके आसपास कंपनी की तरफ से एक एडजस्टिंग नट दिया जाता है। यह नट हैंड ब्रेक वायर की टाइटनेस को कंट्रोल करता है। लंबे समय तक इस्तेमाल, झटकों और वाइब्रेशन की वजह से यह नट धीरे-धीरे ढीला हो जाता है, जिससे हैंड ब्रेक की पकड़ कमजोर पड़ने लगती है।
अच्छी बात यह है कि इस समस्या को ठीक करने के लिए किसी महंगे टूल, मशीन या एक्सपर्ट मैकेनिक की जरूरत नहीं होती। थोड़ी सावधानी और सही तरीके से आप इसे घर पर ही आसानी से ठीक कर सकते हैं।
Auto News: इस दिन लॉन्च होगी Tata Punch EV Facelift, नए फीचर्स और ADAS के साथ बनेगी और दमदार
सबसे पहले गाड़ी को किसी समतल और सुरक्षित जगह पर खड़ा करें ताकि काम करते समय वाहन हिले नहीं। इसके बाद हैंड ब्रेक लीवर के पास वाले हिस्से को खोलें या देखें, जहां एडजस्टिंग नट लगा होता है।
अब सही साइज का पाना या स्पैनर लें और नट को धीरे-धीरे टाइट करना शुरू करें। ध्यान रखें कि एक बार में ज्यादा टाइट न करें। हर बार थोड़ा टाइट करने के बाद हैंड ब्रेक खींचकर उसकी पकड़ चेक करें। सामान्य रूप से हैंड ब्रेक 5 से 7 क्लिक के भीतर पूरी तरह लॉक हो जाना चाहिए। अगर लीवर बहुत ऊपर तक जा रहा है तो समझ लें कि वायर अभी भी ढीली है।
हैंड ब्रेक एडजस्ट करते समय एक जरूरी बात का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। कई लोग जल्दीबाजी में नट को जरूरत से ज्यादा टाइट कर देते हैं। ऐसा करने से पीछे के पहियों पर लगातार हल्का दबाव बना रहता है, जिससे चलते समय ब्रेक जाम होने की समस्या हो सकती है।
Auto News: Mahindra XEV 9S इस हफ्ते मार्केट में, क्या हैं फीचर्स और कौन सी SUVs को मिलेगी चुनौती?
इसके अलावा ब्रेक जल्दी घिसने लगते हैं और गाड़ी के माइलेज पर भी असर पड़ता है। इसलिए हैंड ब्रेक की एडजस्टमेंट हमेशा संतुलित तरीके से करनी चाहिए। गाड़ी की ऐसी छोटी-छोटी जानकारियां आपको फालतू खर्चों से बचाने के साथ एक समझदार वाहन मालिक भी बनाती हैं।
Location : New Delhi
Published : 17 May 2026, 1:23 PM IST