
मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती (Img: pexels)
Mau: उत्तर प्रदेश के जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के रामपुर चकिया मोहल्ला में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
दरअसल, युवती पड़ोस के मोहल्ले में रहने वाले एक युवक से प्रेम करती है और उससे विवाह करना चाहती है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर युवती ने विरोध जताने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही दक्षिणटोला थाना पुलिस, सिटी मजिस्ट्रेट रामबाबू, सीओ सिटी नितेश प्रताप सिंह और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवती के प्रेमी और उसके परिवार के लोगों को मौके पर बुलाया। युवती अपने साथ मोबाइल फोन भी लेकर गई थी। अधिकारियों और परिजनों की मौजूदगी में प्रेमी ने फोन पर बातचीत कर शादी के लिए सहमति जताई, जिसके बाद युवती का रुख नरम पड़ा।
लगभग दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद मोबाइल टावर के एक कर्मचारी की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
युवती को नीचे उतारने के बाद पुलिस अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे बातचीत की गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है और दोनों पक्षों से चर्चा जारी है।
मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी की मांग करने की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे और कई लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
Location : Mau
Published : 20 June 2026, 4:43 PM IST
Topics : love marriage case Mau News uttar pradesh