
बीजेपी का 350 सीटों का लक्ष्य (Source: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बीजेपी ने लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 350 सीटें जीतने का लक्ष्य तय कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
डाइनामाइट न्यूज़ के स्टूडियो में इस राजनीतिक हलचल पर गहन चर्चा की गई। शो का संचालन स्टूडियो से सुभाष रतूड़ी (एग्जीक्यूटिव एडिटर), प्रतिभा यादव (राजनीतिक विश्लेषक) ने किया। इस दौरान गोरखपुर से शत्रुघ्न मणि त्रिपाठी, हाथरस से धर्मेंद्र सिंह, प्रतापगढ़ से संदीप ओझा और कानपुर नगर से विशाल शुक्ला की रिपोर्टिंग के जरिए पूरे घटनाक्रम के सियासी नफे-नुकसान का आंकलन किया गया। आने वाले दिनों में यह दलबदल चुनाव के नतीजों को कितना प्रभावित करेगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। पूरी चर्चा को आप यहां वीडियो में देख सकते हैं।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार को 'अंगद का पांव' बताते हुए लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी का भरोसा जताया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अगले 30 साल तक सपा की सरकार नहीं बनेगी।
अमित शाह ने ऐलान किया कि सत्ता में दोबारा आने पर उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हुए 'बंटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं' की बात कही।
दूसरी तरफ अखिलेश यादव का PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण बीजेपी के सामने चुनौती बना हुआ है। अब सवाल है कि क्या बीजेपी 350 सीटों का लक्ष्य हासिल कर पाएगी और क्या अखिलेश यादव का PDA फॉर्मूला चुनावी समीकरण बदल सकेगा?
Location : Lucknow
Published : 31 October 2026, 7:42 PM IST