Video: दिल्ली में SIR के खिलाफ प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों ने लगाए गंभीर आरोप; दी आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

दिल्ली में SIR के खिलाफ बंगला साहिब के पास सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR रद्द करने और कथित वोट चोरी पर रोक लगाने की मांग की। मार्च के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 October 2026, 4:31 PM IST


New Delhi: दिल्ली में शुक्रवार यानी आज विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास जुटे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के पोस्टर लेकर उनके इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। यह प्रदर्शन ‘पीपल अगेंस्ट SIR’ और छात्र संगठन AISA की ओर से बुलाया गया था। प्रदर्शनकारियों ने बंगला साहिब से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

SIR रद्द करने और वोट चोरी रोकने की मांग

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने अपनी प्रमुख मांगों को रखते हुए SIR प्रक्रिया को रद्द करने और कथित वोट चोरी पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी है। उनका दावा है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं और कुछ मामलों में जीवित लोगों को मृत दिखाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से इन आरोपों की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

‘करोड़ों वोटर्स का हक छीना, CEC पर चले मुकदमा’: मिर्जापुर में सड़कों पर उतरे किसान, SIR के खिलाफ किए तीखे सवाल

पिछले प्रदर्शन में कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने 10 तारीख को हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने से रोका गया और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने भाजपा समर्थकों पर मारपीट करने तथा पुलिस पर पक्षपात का आरोप भी लगाया। हालांकि, ये आरोप प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए गए हैं।

आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शन में शामिल मजदूर संगठनों और अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे गिरफ्तारी से नहीं डरते और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, SIR रद्द नहीं किया जाता और वोट चोरी पर रोक नहीं लगती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

‘जब मौके पर थीं ही नहीं, तो किस आधार पर हुई कार्रवाई?’ CEC के खिलाफ प्रदर्शन मामले में नेहा बोरा पहुंची हाईकोर्ट

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि मतदाता सूची में नामों की जांच और संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटे। इस मामले पर चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया का विवरण उपलब्ध नहीं है।

Location :  New Delhi

Published :  23 October 2026, 4:31 PM IST