क्या धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगा? रिपोर्टरों पर ही भड़क उठीं प्रियंका गांधी, मीडिया के सवालों की लगाई क्लास

संसद स्थगित होने के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मीडिया और सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि मीडिया सरकार के दबाव में प्रासंगिक सवाल नहीं पूछ रहा। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर कार्रवाई पर गृह मंत्री से सवाल दागे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 July 2026, 4:13 PM IST

New Delhi: संसद के मानसून सत्र के दौरान कार्यवाही स्थगित होने के बाद संसद परिसर में अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मीडिया से बातचीत के दौरान पत्रकारों से ही तीखे सवाल पूछने शुरू कर दिए। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि वह अब केवल उन्हीं सवालों के जवाब देंगी जो देश के ज्वलंत मुद्दों से जुड़े और प्रासंगिक (Relevant) होंगे। प्रियंका ने आरोप लगाया कि मीडिया सरकार के बनाए जाल में फंसा हुआ है और केवल वही पूछ रहा है जो सत्ता पक्ष पूछवाना चाहता है।

छात्र आंदोलन और नीट (NEET) विवाद का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पूरे देश का युवा सड़कों पर है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में आकर जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से ही सवाल पूछ लिया, "क्या आपने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से पूछा कि वे इस्तीफा कब दे रहे हैं? हाँ या ना में जवाब दीजिए, गोलमोल जवाब नहीं चाहिए।" प्रियंका ने कहा कि असली सवाल यह है कि छात्रों की मांगों का क्या हो रहा है, न कि यह कि सदन क्यों नहीं चल रहा।

जंतर-मंतर धरने से लौटते ही प्रोफेसर पर कार्रवाई, बिना नोटिस सेवा से हटाने का आरोप, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए प्रियंका ने पूछा कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठियाँ क्यों चलवाई गईं? उन्होंने कहा कि इतने छोटे-छोटे बच्चे अस्पतालों में भर्ती हैं और इंटरनेट बंद होने की वजह से माता-पिता अपने बच्चों से बात तक नहीं कर पा रहे हैं। छात्रों पर एनएसए (NSA) लगाने और कड़े नियम थोपने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि क्या देश का भविष्य गढ़ने वाले ये युवा आतंकवादी हैं? उन्होंने दोटूक कहा कि जब मीडिया मंत्रियों से ये कड़े सवाल पूछेगा, तभी वह उनके सवालों का जवाब देंगी।

Location :  New Delhi

Published :  23 July 2026, 4:12 PM IST