Video: “तेजस्वी और सम्राट साथ बैठें…” प्रशांत किशोर की 10वीं वाली अनोखी चुनौती ने बिहार राजनीति में मचाया हड़कंप

प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की योग्यता पर तंज कसते हुए दोनों को साथ में 10वीं की परीक्षा देने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने बिहार में छात्रों पर लाठीचार्ज, पेपर लीक और किसानों की जमीन अधिग्रहण पर सरकार को घेरा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 26 August 2026, 3:57 PM IST

Patna: बिहार की राजनीति में नेताओं की शैक्षणिक योग्यता को लेकर छिड़ी जुबानी जंग के बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने नया दांव खेला है। शिक्षा मंत्री के बयान के बाद PK ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोनों को एक साथ कटघरे में खड़ा किया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी और सम्राट चौधरी दोनों को अगली बार साथ बैठकर मैट्रिक की परीक्षा पास करनी चाहिए, ताकि बिहार की जनता का यह विश्वास बहाल हो सके कि वे वाकई 10वीं पास हैं।

युवा असंतोष, पेपर लीक और लोकतंत्र की ताकत

प्रशांत किशोर ने देश भर में बढ़ रहे छात्र आंदोलनों का समर्थन करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में लोकतंत्र की असली ताकत दिख रही है। बिहार में पिछले 3-4 सालों से हर विरोध प्रदर्शन पर लाठीचार्ज किया गया, लेकिन अब सरकार और प्रशासन किसी पर लाठी चलाने से पहले दो बार सोच रहा है।

उन्होंने TRE (शिक्षक बहाली) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों की जायज मांगों का समर्थन किया। PK के अनुसार शिक्षा का निजीकरण, कोचिंग का कारोबार और पेपर लीक ने युवाओं में भारी असंतोष भर दिया है।

11 सैटेलाइट सिटी और किसानों की जमीन छीनने का आरोप

छात्रों के मुद्दे के साथ-साथ PK ने बिहार सरकार की 11 सैटेलाइट सिटी बनाने की योजना पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना सोचे-समझे बड़े बिल्डरों और कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए किसानों की उपजाऊ जमीन औने-पौने दामों पर अधिग्रहित करने की साजिश रच रही है।

Protest in Patna: बिहार में फिर बवाल, पटना में छात्रों का CM आवास कूच; भारी पुलिस फोर्स और तनाव

मुआवजे की नीति और बड़े आंदोलन की चेतावनी

प्रशांत किशोर ने चेतावनी दी कि बिहार सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने तक के पैसे नहीं हैं, ऐसे में वह किसानों को उचित मुआवजा कैसे देगी? पुनर्विकास के बाद जमीन की कीमतें बढ़ने का झांसा देकर किसानों की जमीन रोकना संभव नहीं है। PK ने साफ कहा कि इस नीति के खिलाफ बिहार में बड़ा किसान आंदोलन खड़ा होगा और सरकार इस अधिग्रहण को पूरा नहीं कर पाएगी।

Location :  Patna

Published :  26 August 2026, 3:57 PM IST