‘नेता बन रहे हो…’ कहकर जंतर-मंतर पर छात्र को पीटा? दिल्ली पुलिस के ACP पर लगे बेहद गंभीर आरोप

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान छात्र वॉलंटियर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रों का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें अस्थायी लाइब्रेरी हटाने के लिए मजबूर किया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 July 2026, 7:05 PM IST

New Delhi: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे Cockroach Janta Party (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र स्वयंसेवक (वॉलंटियर) के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने वॉलंटियर के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसके साथ मारपीट की।

एसीपी अजय शर्मा पर लगाए आरोप

प्रदर्शन में शामिल छात्र बिट्टू कुमार ने आरोप लगाया कि एसीपी अजय शर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों ने छात्र वॉलंटियर के साथ मारपीट की। उनका दावा है कि बिना किसी उचित कारण के पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे वॉलंटियर को चोटें आईं।

जंतर-मंतर पर भीषण गर्मी में डटे CJP प्रदर्शनकारी, योगेंद्र यादव बोले- सरकार चुप्पी तोड़े

12 दिनों से चला रहे हैं लाइब्रेरी

घायल वॉलंटियर का कहना है कि वह पिछले 12 दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक अस्थायी लाइब्रेरी संचालित कर रहा है। उसके मुताबिक, पुलिस लगातार लाइब्रेरी हटाने का दबाव बना रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार पुलिसकर्मी मौके पर आकर किताबों को फेंक देते थे और लाइब्रेरी बंद करने के निर्देश देते थे।

विरोध करने पर हाथापाई का आरोप

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पुलिस ने लाइब्रेरी नहीं हटाने पर एक युवक को थाने ले जाने की कोशिश की। जब अन्य छात्रों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई हो गई। आरोप है कि इस दौरान छात्र का मोबाइल फोन छीन लिया गया, उसे थप्पड़ मारा गया और गर्दन व हाथ पर प्रहार किया गया, जिससे उसे चोटें आईं। बाद में कुछ प्रदर्शनकारियों को थाने भी ले जाया गया।

'नेता बन रहे हो' कहकर धमकाने का आरोप

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें "नेता बन रहे हो" कहकर धमकाया, गाली-गलौज की और थाने ले जाकर पूछताछ की। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है।

CJP Protest: जंतर-मंतर पर कटा पानी का कनेक्शन, बुनियादी सुविधाएं भी ध्वस्त; अभिजीत दिपके का पुलिस पर बड़ा आरोप

किताबों से हो रही असुविधा

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, पुलिस का कहना था कि प्रदर्शन स्थल पर रखी गई किताबों से लोगों को असुविधा हो रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल, मामला आरोप-प्रत्यारोप का है।

Location :  New Delhi

Published :  2 July 2026, 7:05 PM IST