Dehradun News: वेडिंग पॉइंट के बाहर लगी भीषण आग, दो कारें जलकर खाक

देहरादून के विकासनगर स्थित जीवनगढ़ में वेडिंग पॉइंट के बाहर खड़ी कारों में आग लग गई। पटाखों की चिंगारी से आग भड़कने की आशंका है, जिसमें दो वाहन जलकर खाक हो गए। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 16 April 2026, 4:38 PM IST
google-preferred

Dehradun: विकासनगर के जीवनगढ़ क्षेत्र में एक वेडिंग पॉइंट के बाहर खड़ी कारों में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय अंदर शादी समारोह चल रहा था, जिससे मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

पटाखों से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शादी समारोह के दौरान पटाखे चलाए जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि पटाखों की चिंगारी बाहर खड़ी कारों पर गिरने से आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई।

दो कारें जलकर खाक

आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और वहां खड़ी दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था, लेकिन समय रहते उन्हें हटाया गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे और शादी समारोह में भी कुछ समय के लिए अफरातफरी फैल गई। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Dehradun: चारधाम यात्रा से पहले विकासनगर की सड़कें बदहाल, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल, जानिये मौजूदा हालात

दमकल ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी संदीप पंवार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

विकासनगर में पुलिस सख्त, बिना हेलमेट और कागजात वालों पर हुई कार्रवाई, आखिर क्यों चेकिंग से मचा हड़कंप?

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बिना सुरक्षा उपायों के पटाखे जलाने से इस तरह की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।

Location :  Dehradun

Published :  16 April 2026, 4:38 PM IST

Advertisement